बड़ा हादसा: सोलर प्लेट लगाते समय 35 फीट की ऊंचाई से गिरकर इंजीनियर की मौत, परिवार का इकलौता सहारा उजड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 11:57 AM (IST)

हांसी(संदीप): हांसी में जींद रोड पर स्थित जैन राइस मिल में मंगलवार को सोलर प्लेट लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शेड के ऊपर काम करते समय करीब 35 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण 26 वर्षीय सोलर कंपनी कर्मचारी बादल की मौत हो गई।  मृतक की पहचान छोटी सातरोड निवासी बादल पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। वह हिसार की एक सोलर कंपनी में साइड इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और करीब एक साल पहले ही कंपनी से जुड़ा था।  जानकारी के अनुसार, जैन राइस मिल में सोलर प्लेट लगाने का काम चल रहा था। मंगलवार को इलेक्ट्रिक से संबंधित कार्य के लिए कंपनी की ओर से बादल और उसके सहयोगी अक्षय को साइट पर भेजा गया था।  बादल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों के अनुसार, उसके माता-पिता दोनों बीमार रहते हैं, जबकि छोटे भाई को लकवा आया हुआ है। ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी बादल के कंधों पर थी।

दोनों शेड के ऊपर से आ रहे थे। इसी दौरान शेड में लगी एक पारदर्शी फाइबर प्लेट टूट गई और बादल करीब 30 से 35 फीट नीचे कमरे के फर्श पर जा गिरा।  मृतक के चाचा श्यामलाल के अनुसार, शेड की कुछ प्लेटों के बीच यह फाइबर प्लेट लगी हुई थी। उस पर धान की धूल जमा होने के कारण वह सामान्य प्लेट जैसी दिखाई दे रही थी। जैसे ही बादल का पैर उस पर पड़ा, प्लेट टूट गई और वह नीचे गिर गया।  हादसे के बाद कंपनी की निजी गाड़ी से बादल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने सोलर कंपनी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बादल को जमीन से करीब 35 से 40 फीट ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा गया था, लेकिन उसके पास किसी तरह के सुरक्षा उपकरण नहीं थे। परिजनों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

वहीं कंपनी के साइट इंचार्ज चंदन पाठक ने बताया कि कंपनी के रूल के अनुसार ऑफिस में आते ही और साइट पर पहुंचने के बाद सभी को जिओ टैगिंग के बाद के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करनी होती है। साइट पर जाने वाले हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा के उपकरण पहनना जरूरी है। पाठक ने बताया कि बादल ने भी हेलमेट पहने हुए अपनी सेल्फी उन्हें भेजी थी।

अनाज मंडी चौकी इंचार्ज पीएसआई अनिल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाद में सामान्य अस्पताल पहुंची तो बादल की मौत हो चुकी थी। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static