एन्हांसमैंट रिकैल्कुलेशन: HSVP मुख्यालय ने जारी की नई डैडलाइन, फाइल भेजने के दिए आदेश

2/28/2020 9:20:53 AM

चंडीगढ़ : एच.एस.वी.पी. मुख्यालय ने सैक्टरों की एन्हांसमैंट रिकैल्कुलेशन प्रक्रिया 15 मार्च तक पूर्ण करने की तीसरी बार डैडलाइन जारी की है। इससे पहले 6 दिसम्बर व 31 जनवरी को दो बार डैडलाइन जारी की जा चुकी है। अब पुन: मुख्यालय द्वारा पांचों जोनल एडमिनिस्ट्रेटर व सी.ए. फर्म को 15 मार्च तक निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी कर सभी सैक्टरों की फाइल मुख्यालय भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।

एच.एस.वी.पी. मुख्य प्रशासक पंकज यादव की अध्यक्षता में 26 फरवरी को मुख्यालय पंचकूला में हुई बैठक में ये निर्णय लिया गया। बैठक में पांचों जोनल एडमिनिस्ट्रेटर वीडियो कांफ्रैंसिंग से शामिल हुए। इसके अलावा रिकैल्कुलेशन के नए फार्मूले को लेकर बैठक में काफी देर मंथन हुआ, लेकिन ऑल सैक्टर रैजिडैंट्स वैल्फेयर एसोसिएशन द्वारा इसे पॉलिसी के विपरीत बताते हुए लागू करने पर आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए मुख्य प्रशासक ने इसे लागू करने की बजाय नोटिफिकेशन के आधार पर ही प्रक्रिया पूर्ण करने के आदेश जारी किए हैं।

लगभग तीन घंटे चली बैठक में खातों से राशि अपडेट करने पर एक बार फिर कोई निर्णय नहीं लिया गया। मुख्यमंत्री से मांग है कि जिन सैक्टरों की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनकी राशि अपडेट करने के शीघ्र आदेश जारी करें।


 

Isha