हर घर में लगेगा माहवारी का चार्ट, सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन की प्रदेश स्तर पर नई पहल

punjabkesari.in Thursday, Jan 14, 2021 - 01:32 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): किशोरियों और महिलाओं को माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं व उस समय उनकी विशेष देखभाल की जरूरत को लेकर सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन ने अहम शुरुआत की है। इसके शुरुआत के तहत माहवारी का चार्ट हर घर की दीवार पर लगाया जाएगा। 

इस बारे सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने कहा कि माहवारी के विषय में जागरूकता का अभाव और समय से पीरियड का नहीं आना महिलाओं में कई प्रकार की बीमारियां लेकर आता है। पीरियड चार्ट में घर की सभी फीमेल सदस्यों के नाम के साथ हर महीने की महामारी की तारीख लिखी जाएगी। इससे घर के पुरुष सदस्य भी इस विषय पर जागरूक हो सकेंगे। आज प्रदेश भर के 150 परिवारों में इस अभियान को एक साथ शुरू करवाया गया है। 

जागलान ने बताया महिलाओं को माहवारी के समय विभिन्न समस्याओं से गुजरना पड़ता है। काफी महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन भी नहीं मिल पाते। गांव की महिलाएं हों या फिर शहर की, सैनिटरी नैपकिन मंगवाने में झिझक महसूस करती हैं। माहवारी के समय स्त्री थकान महसूस करती है। लगातार तीन-चार दिन का रक्त स्त्राव उसे कमजोर करता है। कई महिलाओं को इस समय हाथ-पैरों में सूजन, पेट-पैर में दर्द, कमर दर्द, बुखार, भूख न लगना, कब्ज जैसी अन्य समस्याएं भी होती हैं। 

कुल मिलाकर माहवारी के समय स्त्री का स्वास्थ्य विशेष देखभाल की मांग करता है। उसे आराम की जरूरत होती है जिसे अति संवेदनशील पितृसत्तात्मक समाज नहीं समझता। स्त्री के इस प्राकृतिक नियम को समाज उसकी कमजोरी मानता है जो कि उनकी सोच की विकृति है। पीरियड्स के दिनों में महिलाओं को धार्मिक कार्य करने की किसी प्रकार से मनाही नहीं होनी चाहिए। 

फिरोजपुर झिरका की लॉ की विधार्थी निशात रून कहती हैं कि यह शुरुआत हर घर के लिए जरूरी है। हमें सचमुच इन दिनों में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। मेवात जैसे हमारे क्षेत्र में जहां सैनिटरी नैपकिन पैड का नाममात्र प्रयोग होता है, वहां सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के पीरियड चार्ट से जरूर बदलाव आएगा।

पूजा नूंह निवासी ने कहा कि पीरियड चार्ट में मेरा व मेरी मम्मी दोनों की माहवारी की तारीख है, हम बहुत सहज महसूस कर रहे हैं। सुनील जागलान द्वारा इस विषय को बड़ी आसानी से समझाया है। हमारे भाइयों ने भी इस चार्ट को देखा है। सेल्फी विद डॉटर सिग्नेचर अभियान की ब्रॉंड एम्बेसडर अनवी अग्रवाल ने कहा कि हमारी फाउंडेशन का यह अभियान नई सामाजिक क्रांति लेकर आएगा और जैसे हमारे लड़कियों के नाम की नेमप्लेट जैसा अभियान  देश में पंसद किया गया वैसे ही यह अभियान देश भर में इस विषय पर सहज संवाद शुरू करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static