सदन का हर दृश्य होगा जनता के लिए उपलब्ध, ज्ञान चंद गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बनाई योजना

8/18/2021 8:35:51 PM

चंडीगढ़ (धरणी): कोविड प्रोटोकॉल के कारण भले ही मानसून सत्र के दौरान मीडिया विधान भवन में प्रवेश नहीं कर सकेगा, लेकिन विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जनता तक सदन की कार्यवाही का हर अंश पहुंचाने की पूरी व्यवस्था करवा दी है। इस सिलसिले में उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक अमित अग्रवाल और विधान सभा के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि हरियाणा निवास में स्थापित की जा रही मीडिया गैलरी में पत्रकारों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को विधान सभा से लिंक उपलब्ध करवा कर सीधे प्रसारण की अनुमति दी जाएगी।

बैठक में तय हुआ कि सदन पटल पर रखा जाने वाला हर दस्तावेज हरियाणा निवास में बनाई जा रही मीडिया गैलरी में उपस्थित पत्रकारों को भी तुरंत उपलब्ध होगा। पत्रकारों को कार्यवाही का प्रत्येक अंश दिखाने के लिए बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग विशेष व्यवस्था करेगा। पत्रकार निर्बाध रूप से कवरेज कर सके, इसके लिए विशेष प्रबंध रहेंगे। 

विधानसभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण के इच्छुक सेटेलाइट आधारित टीवी चैनलों को विधान सभा परिसर से ही लिंक उपलब्ध करवाया जाएगा। सदन के भीतर लगे हाईटेक कैमरों से प्रत्येक दृश्य की कवरेज इन टीवी चैनलों को उपलब्ध रहेगी।

ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि मीडिया हमारे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। यह जनता और सरकार के बीच सेतु का काम भी करता है। सरकार सदन के प्रति और सदन सीधे तौर पर जनता के प्रति जिम्मेदार है। ऐसे में मीडिया का महत्व काफी बढ़ जाता है। जनता को सदन की कार्यवाही की पूरी जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। उसके इस अधिकार की रक्षा मीडिया करता है। इसलिए विधान सभा सचिवालय मीडिया का पूरा सम्मान करते हुए उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar