पानीपत में शर्मनाक मामला, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर एक्स बॉयफ्रेंड सालों से कर रहा था रेप; पति को लगी भनक तो फिर...
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 06:41 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत में रिश्तों के विश्वास और सोशल मीडिया के दौर में ब्लैकमेलिंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक महिला के बसे-बसाए घर को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा किया है। शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत शिकायत दी है।
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे अश्लील वीडियो के दम पर सालों से ब्लैकमेल कर रहा था। जिसके कारण अब उसका पति भी उससे रिश्ता तोड़ने की बात कह रहा है। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह किला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली है। शादी से पहले उसका परिचय जुलाना के आशीष के साथ था, लेकिन शादी के बाद जब उसने अपनी नई जिंदगी शुरू की, तो आशीष उसके लिए काल बन गया। आरोप है कि आशीष के पास महिला की कुछ पुरानी अश्लील तस्वीरें और वीडियो थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह पिछले कई सालों से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था।
पीड़िता ने खुलासा किया कि शादी के बाद भी आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। आशीष लगातार उस पर दबाव बनाता था कि वह उसके साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाए और अपने पति को छोड़कर उससे शादी कर ले। महिला अपना घर बचाने के लिए काफी समय तक यह सब चुपचाप सहती रही, लेकिन आरोपी की हिमाकत इतनी बढ़ गई कि उसने पति की मौजूदगी में भी कई बार महिला के साथ बदतमीजी की।
इस बारे में किला थाना प्रभारी SI सुरेश ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। महिला ने शिकायत में जो भी आरोप लगाए हैं, उन सभी पर बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी आरोपों से संबंधित तथ्य एवं सबूत जुटाए जा रहे हैं। अभी इसमें FIR नहीं दर्ज की गई है। जल्द अगला एक्शन लिया जाएगा।