कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने कहा- 'सैलजा अगर महिला न होती तो मुंह काला कर देते'

11/25/2019 8:20:59 PM

अंबाला (अमन कपूर): कांग्रेस के पूर्व नेता व पूर्व मंत्री रह चुके निर्मल सिंह ने टिकट कटने की खीझ निकालते हुए पार्टी प्रदेशाध्यक्षा कुमारी सैलजा पर तीखी टिप्पणी की। सैलजा को उनके समर्थकों द्वारा काले झंडे दिखाने पर निर्मल सिंह ने कहा कि मुर्दाबाद और काले झंडे तो साधारण चीज है, अगर वो महिला न होती तो उनका मुंह भी काला कर देते। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा अब सैलजा को अंबाला को भूल जाना चाहिए।

पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को शहर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव हारने का उतना गम नहीं है, जितना बीते विधानसभा चुनाव में टिकट काटे जाने की उनके जेहन में बसी है।  जिसका सारा दोष वे कुमारी सैलजा पर मढ़ते हैं। निर्मल ने कि मुर्दाबाद के नारे और काले झंडे दिखाना तो साधारण चीज थी, यदि वो महिला न होती तो उनका मुंह काला कर देते। अब सैलजा को अंबाला को भूल जाना चाहिए, क्योंकि उसने जिद करके और प्रधान बनने का फायदा उठाते हुए सोनिया गांधी को भी ब्लैकमेल किया है। 

सैलजा से किया सवाल
सैलजा पर टिप्पणी करते हुए निर्मल सिंह ने कहा कि वे इस बात को भूल गई जब वे हिसार से भाग कर आई थी, तब निर्मल ने उनकी सियासी तौर पर मदद की थी। उन्होंने कहा कि वे अचानक भूपिंदर सिंह हुड्डा से भी लड़ पड़ी। क्या वे बताएगी कि वे इलाका के लिए लड़ी या पार्टी के लिए लड़ी?
 

नए मोर्चे की तैयारी में निर्मल सिंह
बता दें कि कांग्रेस से अलग हुए निर्मल सिंह अब नया मोर्चा गठित करने में लगे हैं। उनका कहना है अभी नाम के लिए प्रार्थनापत्र दे दिया है। दो महीने बाद मोर्चे के नाम और झंडे का खुलासा कर देंगे। उनका उद्देश्य लोगों को न्याय दिलाने, नौकरियों में सही हिस्सा दिलवाने सहित भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना रहेगा।

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा कुमारी सैलजा अंबाला में भाजपा की नीतियों के खिलाफ पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी। इस दौरान जब वे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी, तभी पीछे से कांग्रेस से निष्कासित कार्यकर्ताओं ने कुमारी सैलजा को काले झंडे दिखाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी थी।

Shivam