हांसी में पूर्व सैनिक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में 4 लोगों को ठहराया जिम्मेदार
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 11:23 AM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी शहर के विकास नगर में एक पूर्व सैनिक द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुंदर पंघाल (63) निवासी हिसार कैंट एवं मूल निवासी गांव भगाना के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें चार लोगों के नाम लिखे गए हैं।
मृतक के पुत्र एडवोकेट मनजीत पंघाल ने आरोप लगाया कि उनके पिता के करीब 4 से 5 करोड़ रुपये कुछ लोगों के पास फंसे हुए थे। रुपये वापस न मिलने और लगातार विवाद के चलते उनके पिता मानसिक तनाव में थे। परिजनों का दावा है कि सुसाइड नोट में पूनम, उसके ससुर होशियार सिंह, उसकी सास और एक ड्राइवर का नाम लिखा गया है।
जानकारी के अनुसार सुंदर पंघाल शुक्रवार शाम घर से निकले थे। रात को उनसे संपर्क नहीं हो पाया। शनिवार सुबह विकास नगर स्थित एक मकान में उनका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एएसएचओ बलवान सिंह ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है और उसमें चार व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं। पुलिस सभी पहलुओं, विशेषकर आर्थिक लेनदेन और आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)