देश के किसी भी स्टडी सेंटर से पढ़ाई और परीक्षा केंद्र बदलने की सुविधा, IGNOU ने बढ़ाई दाखिले की अंतिम तिथि
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 05:24 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों को छोड़कर विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है। IGNOU क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने इच्छुक विद्यार्थियों से अंतिम तिथि से पहले दाखिला सुनिश्चित करने की अपील की है।
जरूरत के अनुसार बदल सकेंगे स्टडी सेंटर
डॉ. धर्म पाल ने बताया कि IGNOU विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान स्थान परिवर्तन की सुविधा भी देता है। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार भारत में किसी भी उपयुक्त स्टडी सेंटर के साथ अपना क्षेत्रीय केंद्र भी बदलवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित क्षेत्रीय केंद्र को ई-मेल अथवा पत्र के माध्यम से स्थान परिवर्तन का अनुरोध किया जा सकता है।
इसी प्रकार, यदि किसी विद्यार्थी को किसी कारण दूसरे शहर या राज्य में परीक्षा देनी पड़ती है, तो IGNOU के नियमों के अनुसार परीक्षा केंद्र बदलने की सुविधा भी उपलब्ध है। इस सुविधा से विद्यार्थियों को स्थान परिवर्तन के बावजूद पढ़ाई और परीक्षा जारी रखने में आसानी होती है।
कामकाजी लोगों और ड्रॉपआउट विद्यार्थियों के लिए उपयोगी
क्षेत्रीय निदेशक ने कहा कि IGNOU का उद्देश्य उन लोगों तक उच्च शिक्षा पहुंचाना है, जो नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में अध्ययन नहीं कर पाते। कामकाजी व्यक्ति, गृहिणियां, दिव्यांगजन, बीच में पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थी और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले शिक्षार्थी इसकी लचीली शिक्षा प्रणाली का लाभ उठा सकते हैं।
IGNOU के ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग तथा ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर और अन्य उच्च शिक्षा कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यार्थी अपनी सुविधा और गति के अनुसार अध्ययन कर सकते हैं।
करनाल क्षेत्रीय केंद्र से 75 हजार विद्यार्थी जुड़े
डॉ. धर्म पाल ने बताया कि IGNOU क्षेत्रीय केंद्र करनाल के अंतर्गत करीब 75 हजार विद्यार्थी उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। क्षेत्रीय केंद्र अपने शिक्षार्थी सहायता केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार शैक्षणिक और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध करवा रहा है।
उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की कि वे 15 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपना दाखिला सुनिश्चित करें। जिन विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर लिया है, वे अपनी फीस का भुगतान भी निर्धारित समय में कर दें।