क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 06:53 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों को लिंक भेजकर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ साइबर थाना साउथ पुलिस ने किया है। मामले में महिला सहित पांच आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रत्येक 10 से 15 दिन में अपना ठिकाना बदल लेते थे और पिछले पांच महीने से यह फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
एसीपी साइबर अपराध गौरव फोगाट के निर्देशन पर निरीक्षक नवीन कुमार, प्रबंधक थाना साइबर दक्षिण की टीम ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। मामले में पुलिस टीम ने 1 महिला सहित 5 आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान राहुल (उम्र-33 वर्ष शिक्षा-12वीं) निवासी बलजीत नगर,दिल्ली, अनुजपाल (उम्र-20 वर्ष शिक्षा-12वीं) निवासी इन्द्रपुरी,दिल्ली, गौरव (उम्र-24 वर्ष शिक्षा-12वीं) निवासी इन्द्रपुरी,दिल्ली, मुकुल किरार (उम्र-22 वर्ष शिक्षा-12वीं) निवासी इन्द्रपुरी,दिल्ली व आंचल (उम्र-21 वर्ष, शिक्षा-12वीं) निवासी तिलकनगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उपरोक्त आरोपी यह काम एक अन्य व्यक्ति (मुख्य आरोपी) के कहने पर करते हैं इसके बदले उपरोक्त आरोपियों को सैलरी मिलती है। कॉल करने के लिए डाटा उपरोक्त आरोपियों को एक अन्य व्यक्ति (मुख्य आरोपी) उपलब्ध कराता है जिसके बाद ये क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर किसी व्यक्ति को कॉल करते हैं तथा उसके पास फर्जी लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन सामान खरीद लेते हैं तथा उस समान को मुख्य आरोपी को दे देते हैं अगर सामान की कीमत 5-7 हजार होती है तो वह उसको बेचकर रुपए प्राप्त कर लेते हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उपरोक्त आरोपी कॉल सेंटर जनवरी 2026 से चला रहे थे। उपरोक्त आरोपी ठगी की वारदातों को अंजाम देते तथा उसके बाद दो-तीन दिन अपना सारा काम बंद कर देते थे तथा उसके बाद फिर से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी पुलिस से बचने के लिए 10 से 15 दिन में अपनी जगह बदल लेते थे। मामले में मुख्य आरोपी उपरोक्त आरोपियों को डाटा उपलब्ध करवाता था तथा ठगी होने के पश्चात नया डाटा दे देता था तथा पुराना डाटा वापस ले लेता था। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
आपको बता दें कि 11 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध दक्षिण को शिकायत देकर बताया था कि क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर इसके पास अंजान व्यक्ति ने एक लिंक भेज कर इसके क्रेडिट कार्ड से लगभग 28 हजार रुपए की ठगी कर ली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।