फर्जी दस्तावेजों से सेना में भर्ती होने का फर्जीवाड़ा, मामला दर्ज (VIDEO)

2/28/2018 7:49:11 PM

चरखी दादरी(प्रदीप साहू): फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय सेना में भर्ती होने का एक और मामला सामने आया है। दादरी में दो वर्ष पूर्व हुई सेना भर्ती के दौरान एक युवक का सेना में चयन हुआ था। जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी मिलने पर सेना भर्ती कार्यालय दादरी की शिकायत पर पुलिस ने जिले के गांव जेवली निवासी एक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे पूर्व इसी माह में फर्जी दस्तावजों से सेना में भर्ती होने का मामला सामने आ चुका है।



सेना भर्ती कार्यालय दादरी द्वारा वर्ष 2016 में एक से 10 अक्टूबर तक भर्ती रैली का आयोजन किया गया था। इसमें गांव जेवली निवासी बलजीत श्योराण ने हिस्सा लेते हुए भर्ती प्रक्रिया में अच्छा प्रदर्शन किया जिसके बाद फिजिकल सहित सभी प्रक्रिया पूरी करने पर उसे सेना में भर्ती के लिए चुन लिया गया। भर्ती के दौरान उक्त युवक ने अपने शैक्षणिक दस्तावेज भी सेना भर्ती कार्यालय में जमा करवाए थे। सेना अधिकारियों द्वारा की गई जांच के दौरान पूरा मामला सामने आया तो सिटी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

दस्तावेजों में उम्र व माता के नाम में फर्जीवाड़ा
जेवली निवासी बलजीत श्योराण द्वारा सेना कार्यालय में दिए दस्तावेजों में उसकी उम्र 22 नवम्बर 1997 दर्शाई गई थी। जबकि भर्ती होने के बाद सेना द्वारा दस्तावेजों की जांच करने पर पाया कि उसकी सही उम्र 22 नवम्बर 1989 है। युवक द्वारा पहले हरियाणा शिक्षा बोर्ड से 10वीं की परीक्षा पास की थी। जिसके आधार पर उसने सेना भर्ती में भाग लिया। लेकिन असफल होने पर 8 वर्ष उम्र छोटी करके व माता के नाम में बदलाव करके नेशनल ओपन स्कूल दिल्ली से 10वीं की परीक्षा करके सेना में भर्ती हुआ था। इस दौरान और ज्यादा गंभीरता से जांच करने पर पता चला कि वह पहले भी भर्ती  रैली में भाग ले चुका है। इस बारे उसने अपनी माता के नाम में भी छेड़छाड़ की हुई है।

शक होने पर नहीं दी ज्वाइनिंग
दादरी सेना भर्ती कार्यालय के निदेश कर्नल अजीत पिल्लई ने फोन पर बताया कि शुरूआती दौर में ही उक्त युवक के प्रमाण पत्रों की जांच करने पर उस पर शक हो गया था। ऐसे में उसे ज्वाइनिंग नहीं दी गई थी। जिसके चलते सेना कार्यालय द्वारा गंभीरता से जांच की गई। जांच में पूरा मामला साफ होने पर सिटी पुलिस में इस्तावेजों के साथ शिकायत दी गई। 



शिकायत पर मामला दर्ज किया: डीएसपी
डीएसपी हैडक्वार्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि सेना भर्ती निदेशक द्वारा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें एक युवक द्वारा फर्जी दस्तावेजों से सेना में भर्ती होने की बात लिखी गई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज किया है।