फर्जी आई.डी. बनाकर लाखों रुपए के गबन का मामला : दोनों आरोपी कोर्ट में पेश

2/21/2020 2:44:22 PM

करनाल (काम्बोज) : फर्जी आई.डी., टी.ए. बिल बनाकर लाखों रुपए के गबन के आरोप में गिरफ्तार अकाऊंट ब्रांच में कार्यरत दोनों आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर दोनों को 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच के लिए एस.पी. सुरेंद्र सिंह भौरिया ने एस.आई.टी. गठित कर दी है। एस.आई.टी. इंचार्ज इंद्री डी.एस.पी. रणधीर सिंह नियुक्त किया है। हालांकि पुलिस इस मामले में ज्यादा कुछ बताने से बचती नजर आई।   

पुलिस के अनुसार एस.पी. को जिला करनाल कार्यालय की अकाऊंट ब्रांच में पैसे के गबन के संबंध में शिकायत मिली। मामले की प्रारंभिक जांच डी.एस.पी. राजीव कुमार को सौंपी गई। जांच में सच्चाई पाए जाने पर सिविल लाइन थाना में ब्रांच में कार्यरत कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान 2 आरोपी राजबीर सिंह व साहब सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार ब्रांच में कार्यरत उक्त 2 कर्मचारियों पर आरोप है कि 2016 से लाखों का गबन करने में जुटे थे। मामला तब उजागर हुआ जब 2 चतुर्थ कर्मचारियों के खातों में टी.ए.-डी.ए. के नाम पर लाखों रुपए डाल दिए। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए। मामले की परतें जैसे ही खुली तो पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। गिरफ्तार किए आरोपी पुलिस कर्मचारियों द्वारा बलवान सिंह व सुमित कुमार के नाम से यूनिक आई.डी., फर्जी आई.डी. बनाकर लाखों रुपए निकाल लिए।

जांच में पता चला कि इस नाम के पुलिस कर्मचारी तो करनाल में है ही नहीं।  इंद्री, डी.एस.पी. रणधीर सिंह  ने बताया कि अकाऊंट ब्रांच में हुए गबन के आरोप में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों से पूछताछ के लिए 3 दिन का रिमांड हासिल किया है। जल्द ही मामले के संबंध में सारी जानकारी अवगत करवा दी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया जा सकता।

Isha