नकली इंस्पेक्टर बन उगाही करने वाला गिरफ्तार, फर्जी महिला डीएसपी फरार

3/16/2020 11:00:48 PM

मानेसर (राजेश): मानेसर के पास नकली इंस्पेक्टर बनकर गाडिय़ों से उगाही करने वाले फजी इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया व फर्जी डीएसपी भागने में कामयाब हो गई। इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया। 

थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि नकली इंस्पेक्टर बनकर एक ट्रक चालक से उगाही करते एक युवक शनिवार सुबह रामपुरा फ्लाईओवर के नजदीक से पकड़ा गया। उसकी पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी अभिषेक मलिक के रूप में हुई। उसके साथ एक महिला भी थी जो फरार होने में कामयाब हो गई। दोनों होंडा सिटी कार से थे।

खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपित अभिषेक को शनिवार दोपहर अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया था। रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। दोनों दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक ट्रक चालक को रोककर उसके कागजात देखने लगे। अभिषेक ने अपने आपको पुलिस इंस्पेक्टर बताया था जबकि अपनी महिला दोस्त को डीएसपी। 

दोनों ने कागज देखने के बाद कहा कि सही नहीं है। पैसे दो। इसके बाद चालक की जेब में जितने भी रुपये थे निकाल लिए। उसी समय संयोग से एक पीसीआर पहुंच गई। इससे नकली इंस्पेक्टर की पोल खुल गई। महिला भागने में कामयाब रही। खेड़कीदौला थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जल्द ही महिला को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Shivam