नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला नकली जज गिरफ्तार(Video)

9/25/2018 9:21:56 AM

गुडग़ांव(सतीश राघव): सिटी गुरुग्राम से एक नकली जज को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 30 से 40 लोगों को अपने जाल में फंसाकर यह नकली जज लाखों की चपत लगा चुका है। पूछताछ के बाद जो खुलासा हुआ उससे पुलिस के पैरों तले की जमीन खिसक गई। खास बात यह है कि आरोपी  हाईप्रोफाइल सोसायटी में रहकर लोगों को बेवकूफ बनाता था। 

पुलिस के अनुसार केदारनाथ सागर नाम का व्यक्ति हैदराबाद तेलंगाना सिविल कोर्ट का जज बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।  इसने अब तक लगभग 40 लोगों को करोड़ों का चूना लगाया है। पुलिस ने इसे सैक्टर-14 से गिरफ्तार किया है। 6 महीने से यह नकली जज यहां के हैरीटेज मैक्स सोसायटी में रह रहा था। ए.सी.पी. क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि सैक्टर-14 थाना के इंस्पैक्टर दीपक कुमार को सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति अपने आपको जज बताकर लोगों से साइबर सिटी में बड़े लैवल पर ठगी कर रहा है। 

सूचना मिलते ही पुलिस ने अपना जाल बिछा दिया। आखिरकार रविवार को नकली जज पुलिस के जाल में फंस गया। ए.सी.पी. के मुताबिक सैक्टर-14 में कार एसैसरिज से पुलिस को सूचना मिली कि वह व्यक्ति यहां आया हुआ है। इस पर इंस्पैक्टर दीपक कुमार ने उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इस नकली जज के साथ एक महिला के शामिल होने का नाम आया है। पुलिस के मुताबिक अभी महिला को गिरफ्तार नहीं किया गया है। 

हालांकि ए.सी.पी. ने बताया कि पहले केदारनाथ उसे अपनी पत्नी बताता था लेकिन बाद में उसने उसे अपनी दोस्त बताया। आरोपी केदारनाथ गुरुग्राम में रहकर लोगों को नौकरी के नाम पर ठगता था। वह प्रत्येक व्यक्ति से 4 से 5 लाख रुपए नौकरी दिलाने के नाम पर लेता था। इसके अलावा फ्लैट के नाम पर धांधली कर रहा था। लोगों को किसी तरह का कोई शक न हो इसलिए अपना रुतबा भी जज की तरह ही रखता था।

30 से 40 लोगों को बनाया ठगी का शिकार: ए.सी.पी.
ए.सी.पी. क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने केदारनाथ सागर से फर्जी दस्तावेज, जज की फर्जी स्टाम्प, फर्जी आई.कार्ड और एक कार भी बरामद की है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। ए.सी.पी. के मुताबिक रिमांड पर और भी खुलासे होने की संभावना है।

Rakhi Yadav