कुरुक्षेत्र में फर्जी लेडी ASI गिरफ्तार, युवती के पास से मिली सिपाही की वर्दी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 22, 2025 - 08:38 AM (IST)

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से पुलिस ने एक फर्जी लेडी असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस को युवती के पास से वर्दी भी मिली है। युवती करीब पिछले एक साल से पुलिस की वर्दी में घूम रही थी।

युवती की पहचान पिहोवा के गांव दीवाना की रहने आंचल के रूप में हुई। आंचल ने बीएससी तक की पढ़ाई की हुइ है। उसे पुलिस की वर्दी पहनने और रील्स बनाने का शौक है। पुलिस की वर्दी में इंस्टाग्राम पर उसके कई रील्स वायरल हैं। उसके घर में माता-पिता और बहन है। वह 2 बहनों में सबसे बड़ी है।करीब 2 साल पहले कहना न मानने पर परिवार ने उसे घर से बेदखल कर दिया था। इसके बाद वह किराए पर रूम लेकर रह रही थी।
 

प्राप्त जानकारी अनुसार पिहोवा के निकटवर्ती गांव की लड़की 2 दिन पहले लापता हो गई थी। मां ने थाना सदर पिहोवा में उसकी मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाई। मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी अपनी सहेली आंचल के साथ गई थी। आंचल हरियाणा पुलिस में सिपाही है। उन्होंने आंचल को पूछा तो वह उन्हें धमकाने लगी। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और लड़की की तलाश शुरू कर दी।

इस मामले की जांच कर रहे एएसआई दिलेर ने आंचल को थाने बुलाकर पूछताछ की। बातचीत में उसने बताया कि उसे ड्यूटी के लिए जाना था, इसलिए वह अपनी सहेली को बस स्टैंड पिहोवा छोड़ आई थी। इसके बाद उसकी सहेली की कोई बातचीत नहीं हुई। वह खुद अपनी सहेली को ढूंढने की कोशिश कर रही है। उसने अपनी सहेली की लोकेशन के लिए अपने उच्चाधिकारी से बातचीत भी की थी।

इसी बीच जांच अधिकारी एएसआई दिलेर ने आंचल से उसका आईडी कार्ड मांगा। इस पर आंचल ने अपना कार्ड घर भूलने का बहाना बना दिया। दूसरी बार अधिकारी ने आंचल से उसकी ड्यूटी के बारे में पूछताछ की, तो उसने तपाक से जवाब दिया कि उसकी ड्यूटी थाना केयूके (कुरुक्षेत्र) में लगी है। शक दूर करने के लिए अधिकारी ने थाना केयूके में संपर्क किया, तो आंचल का झूठ पकड़ा गया। आंचल थाने में बिना वर्दी के आई थी, जिसे महिला पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया।

थाना सदर पिहोवा एसएचओ जगदीश कुमार ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर आंचल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवती को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस ने लापता लड़की को अंबाला से बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आंचल ने वर्दी कहां से खरीदी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static