आधी रात घर में घुसने पर परिजनों ने की जमकर पिटाई, युवक ने तोड़ा दम

10/20/2019 7:11:36 PM

जींद(जसमेर मलिक): जींद में आधी रात को घर में घुसे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रात को ही सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक युवक के चाचा के बयान पर एक को नामजद कर कई अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

आरोप है कि कंडेला गांव का युवक विजेंद्र(28) शनिवार रात को गांव के ही राममेहर के घर घुस गया। घर में घुसते ही परिजनों को जाग आ गई और फिर उन्होंने युवक को जमकर पीटा। इसके बाद आधी रात को पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर बताया गया कि एक युवक गांव में चोरी की नियत से घर में घुस गया। उसे पकड़ रखा हुआ है।



सूचना के बाद सदर थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक विजेंद्र गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस युवक को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी। 

पुलिस ने मृतक के चाचा कृष्ण के बयान पर कंडेला गांव के राममेहर को नामजद कर कई अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सदर थाना पुलिस प्रभारी सुरेंद्र कंबोज का कहना है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने एक नामजद कर कई अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

Edited By

vinod kumar