एक अौर विवाहिता चढ़ी दहेज की बलि, जिंदा जलाया

4/30/2017 3:55:11 PM

फरीदाबाद (पंकेस):दहेजलोभी ससुरालियों ने दहेज में एक लाख रुपए और कार की मांग पूरी न कर पाने पर तिलपत इलाके में रहने वाली एक नवविवाहिता पर तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया। ससुराल वालों का कहना है कि उसने खुद आग लगाकर आत्महत्या की है। जबकि मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने आग लगाकर उसकी हत्या की है। थाना सराय ख्वाजा पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक न्यू तिलपत कालोनी में रहने वाले विरेंद्र सिंह ने पुलिस से शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहता है और शहर में ही अपना कामधंधा करता है। उसकी 22 साल की बेटी वंदना ने करीब आठ महीने पहले उसकी मर्जी के खिलाफ इसी इलाके में रहने वाले मोनू नामक युवक के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। 


बेटी का घर बसाने के लिए शादी के उसने भी अपनी रजामंदी दे दी थी। उसकी रजामंदी के बाद ससुराल वाले वंदना को दहेज की मांग को लेकर परेशान करने लगे। ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपए और कार की मांग कर रहे थे। रोज- रोज के तानों और प्रताडऩा से परेशान होकर वंदना ने उसे सबकुछ बता दिया। उसने बेटी के ससुराल जाकर अपनी असमर्थता जताते हुए उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन ससुराल वालों ने उसे दुत्कार कर भगा दिया।
ससुराल वाले वंदना को लगातार परेशान कर रहे थे। बुधवार को रात करीब 1.30 बजे मोनू ने उसे फोन कर बताया कि वंदना ने आत्महत्या के इरादे से खुद को आग लगा ली है। मोनू के घर जाकर पता चला कि वंदना को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि वंदना करीब 80 प्रतिशत जल गई है। इलाज के दौरान अगले दिन वंदना ने दम तोड़ दिया, पीड़ित का आरोप है कि उसकी बेटी ने खुद आत्महत्या नहीं की बल्कि ससुराल वालों ने जला कर उसकी हत्या की है। पुलिस जांच में जुटी है।