शरारती तत्वों ने की इनेलो नेता के कार्यालय में तोड़फोड़, विरोधियों पर लगाया आरोप

1/4/2018 12:09:41 PM

फरीदाबाद(देवेंद्र कौशिक): इनेलो नेता अरविंद भारद्वाज के कार्यालय में बीती रात शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की। इसके साथ ही सारी रात बदमाशों द्वारा खूब उत्पात मचाया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार अरविंद ने गांव साहूपुरा में अपना कार्यालय बनाया हुआ है। अरविंद इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता हैं अौर उन्होंने विरोधियों पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। अरविंद तिगांव विधानसभा से पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ चुके हैं। 
इनेलो नेता अरविंद भारद्वाज ने बताया कि सुबह जब वह अपने कार्यालय पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके कार्यालय पर लगे इनेलो के बोर्ड और पोस्टर फटे हुए हैं वही कार्यालय के सामने लगे लोहे के बोर्ड को भी तोड़ा गया है। उनका कहना है कि इस तरह का कार्य कोई विपक्षी ही कर सकता है। ऐसा करके कुछ लोगों ने इनेलो को डराने का काम किया है पर उन लोगों को यह नहीं पता कि वह लोग इस तरीके के कार्य से नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों से इनेलो कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं तोड़ सकते इससे मनोबल टूटते नहीं बल्कि अौर बढ़ जाते हैं। 

अरविंद भारद्वाज का कहना है कि विपक्ष लोगों को स्वच्छ तरीके से राजनीति करनी चाहिए। उन्होंने इस मामले की शिकायत बल्लभगढ़ सदर थाना में कर दी है। उनका कहना है कि जब ऐसे किसी के कार्यालय पर कोई रात को आकर तोड़फोड़ कर देता है तो शहर की जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। शहर की सुरक्षा के लिए प्रशासन को कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। 

वहीं पुलिस इस मामले में बोलने से इंकार कर रही है। पुलिस ने बिना कैमरे पर कहा कि अभी FIR दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मीडिया को इस बारे में सूचित किया जाएगा।