सिंघु बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में करंट लगने से किसान की मौत, 1 महीने से था धरने में शामिल

7/11/2021 12:18:42 PM

सोनीपत (पवन राठी) : सोनीपत के सिंघु बॉर्डर पर पिछले 7 महीने से चल रहे किसान आंदोलन में आज फिर एक किसान की मौत हो गई। उसकी मौत करंट लगने की वजह से हुई है। मृतक किसान सोहन सिंह जिला लुधियाना पंजाब का रहने वाला था और पिछले 1 महीने से आंदोलन में किसानों की सेवा कर रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत में भिजवा दिया है। 

बताया जा रहा है कि आज सुबह नवल अस्पताल के पास एक किसान का शव ट्रांसफार्मर के पास मिला। जिसके बाद पता चला उसकी मौत करंट लगने की वजह से हुई है। किसान मजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका साथी सोहन सिंह जिला लुधियाना पंजाब का रहने वाला था और खेती बाड़ी का काम करता था। वह बीती 10 जून को आंदोलन में आया था और 1 महीने से किसानों की सेवा कर रहा था। आंदोलन में वह चाय और पानी पिलाने का काम करता था।

सब इंस्पेक्टर नरेश ने बताया कि किसान आंदोलन में करंट लगने से किसान की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल सोनीपत भेज दिया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Manisha rana