किसान नेता सत्यवान ने कक्का पर साधा निशाना, चढूनी पर लगे आरोपों को लेकर दी अपनी सफाई

1/19/2021 4:36:01 PM

गोहाना (सुनील जिंदल): गुरनाम सिंह चढूनी पर आरोप लगने के बाद भारतीय किसान यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने शिव कुमार कक्का पर जमकरन निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिव कुमार कक्का मध्यप्रदेश का है, जोकि आरआरएस से जुड़ा हुआ है। यह सरकार के इशारे पर गुरनाम सिंह चढूनी के खिलाफ आरोप लगा रहा है, गुरनाम चढूनी पर जो आरोप लगाए हैं वे सभी झूठे हैं। उन्होंने कहा कि कक्का अकेला आदमी है, उसके पीछे कोई किसान नहीं है।

इसके साथ सत्यवान नरवाल ने सरकार पर भी हमला बोलते हुए किसान आंदोलन तोड़ने के गंभीर आरोप लगाए। नरवाल ने कहा कि सरकार किसान आंदोलन को षड्यंत्र कर तोड़ना चाहती है। आज किसान आंदोलन अपने चरम पर है, तो सरकार किसान आंदोलन में फूट डाल कर तोड़ना चाहती है। उन्हें कभी पाकिस्तानी, खालिस्तानी, चाइना, टुकड़े टुकड़े गैंग कहा गया। इसके बाद भी जब कोई बात नहीं बनी तो अपने लोगों को किसान आंदोलन में भेज कर ऐसे आरोप लगा रहे। उन्होंने कहा कि चढूनी की दिलेरी पूरी दुनिया देख चुकी है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री आज किसी गांव में घुस नहीं सकते हैं, किसान उनका पुर जोर विरोध कर रहे हैं। कोई भी राजनीतिक नेता  किसान आंदोलन को अपना समर्थन देते हैं तो उसमें गलत नहीं है, हमने स्वयं कहा जो भी किसान आंदोलन का समर्थन करता है उसका हम स्वागत करते हैं, जो समर्थन नहीं करेगा उसका विरोध। नरवाल ने कहा कि जितने भी हमारे समर्थन में सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री है वे दिल्ली में अपने स्तर पर विरोध करेंगे। हमारा किसान आंदोलन शांति पूर्वक चलेगा। गांव-गांव से लोग किसान आंदोलन में चन्दा दे कर मदद कर रहे हैं।

vinod kumar