MP किसान आंदोलन की आग हरियाणा पहुंची, PM का पुतला फूंककर किया रोष प्रदर्शन

6/9/2017 4:15:58 PM

हरियाणा:मध्य प्रदेश में चल रहे किसानों के आंदोलन की आग हरियाणा भी पहुंच चुकी है। मध्य प्रदेश में आंदोलन के दौरान किसानों पर गोलियां चलाने के विरोध में शुक्रवार को सोनीपत, कुरुक्षेत्र, हिसार आदि जिलों में किसानों ने जमकर रोष प्रदर्शन किया। 

सोनीपत(पवन राठी):सोनीपत में आज भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने छोटूराम चौक से लघु सचिवालय तक पीएम मोदी के पुतले की शव यात्रा निकाली और पुलिस लाइन के बाहर पुतले का दाह संस्कार कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शमसेर सिंह दहिया और उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसान अपने हकों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं और सरकार उन पर गोलियां बरसा रही है। हमारी राष्ट्रपति से मांग है कि वे मध्य प्रदेश सरकार को बदलें। उन्होंने कहा कि 11 जुलाई से हरिद्वार में पूरे देश से किसान जुटेंगे और हर राज्य में किसानो की मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। हम अपना हक मांग रहे हैं, सरकार किसानों को कर्ज मुक्त करें।

हिसार(विनोद सैनी):हिसार के फुव्वारा चौक पर आज अखिल भारतीय किसान सघर्ष समिति ने मध्यप्रदेश में किसानों के साथ हुई दुखद घटना के विरोध में देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। इसी दौरान सैंकडों किसानों ने जिला उपायुक्त के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रधान सुरेश कोथ ने कहा कि उनकी मांग है कि किसानों पर स्वामी नाथन की रिर्पोट लागू करें और किसानों को कर्ज मुक्त किया है। मध्यप्रदेश में शिव राज चौहान सरकार ने किसानों पर फायरिग करके उन्हें मरवा दिया जिसकी वे निंदा करते है। उन्होंने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति दिए ज्ञापन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए और वहां पर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। 

कुरुक्षेत्र(आयुष गुप्ता):मध्यप्रदेश में हुई घटना को लेकर यूथ कोंग्रेस ने कुरुक्षेत्र के रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी के इंजन पर चढ़कर अपनी नाराज़गी जताई। सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था। जिसे देखकर कार्यकर्ताअों ने रेल तो नहीं रोकी लेकिन खड़े हुए रेलगाड़ी के इंजन पर खड़े होकर नारेबाजी कर अपना रोष जताया। कांग्रेस के कुछ कार्यकर्कताअों ने रेलगाड़ी के इंजन पर कड़े होकर नारेबाजी की अौर चलते बने। 

वहीं कैथल के कलायत में किसानों ने चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग पर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो नेता व पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा ने किया। किसानों मध्य प्रदेश के सीएम का पुतला फूंका। कहा कि किसान गोली कांड सरकार के कफन की आखिरी कील साबित होगा। नेताओं ने कहा कि अपने हकों के लिए किसानों का संघर्ष जारी रहेगा।