साहेब सावधान! टोहाना के किसानों ने दी चेतावनी, पराली जलाने पर किया परेशान तो अधिकारियों को बनाएंगे बंधक

10/23/2023 3:18:13 PM

टोहाना(सुशील सिंगला): फतेहाबाद जिले के अधिकारियों को सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि गांव समैण व नांगली के किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने पराली जलाने के नाम पर किसी भी किसान के साथ ज्यादती करने का प्रयास किया तो गांव में आने वाले अधिकारियों को बंधक बनाया जाएगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए किसानों ने कहा कि प्रशासन दोनों गांवों के साथ भेदभाव कर रहा है। क्योंकि अभी तक यहां पर एक भी बेलर नहीं आया है, जिस कारण मजबूरी में किसान पराली को आग लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन उन्हें बेलर उपलब्ध करवाए तो किसान पराली को आग नहीं लगाएंगे, लेकिन उनके साथ पक्षपात किया जा रहा है।

किसानों ने कहा कि प्रशासन उन्हें मशीनें ही उपलब्ध नहीं करवा रहा, उल्टा किसानों पर ही जुर्माना लगाए जा रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि प्रशासन ने उनके साथ जबरदस्ती की तो गांव में आने वाले अधिकारियों को बंधक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे जानते हैं कि पराली जलाने से धरती की उर्वरक क्षमता कम होती है। मित्र कीट भी समाप्त होते हैं तथा इससे आंखों व दमे के रोगी भी बढ़ते हैं, लेकिन वे पराली जलाने पर मजबूर है। क्योंकि प्रशासन उन्हें मशीन उपलब्ध नहीं करवा रहा है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Saurabh Pal