सिरसा में कर्ज से परेशान किसान ने किया सुसाइड

7/20/2017 7:43:15 AM

सिरसा:गांव शक्कर मंदोरी के एक किसान ने कर्ज से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। इससे पहले जिले में इसी माह में कर्ज से तंग आकर 2 किसान सुसाइड का प्रयास कर चुके हैं जबकि 2 किसान अपनी जान दे चुके हैं। गांव शक्कर मंदोरी के किसान दरिया सिंह ने अपने ही खेत में जहरीला पदार्थ निगल लिया। दरिया सिंह को पहले सिरसा के एक निजी अस्पताल में लाया गया और बाद में हिसार रैफर कर दिया, मगर किसान की जान नहीं बच सकी।

दरिया ने हाल ही में साहूकारों से रुपए लेकर अपने पिता के बैंक का कर्ज अदा किया था ताकि उसी जमीन पर कर्ज की लिमिट बढ़ाई जा सके। इसके अलावा सालभर पहले दरिया सिंह की एक बेटी कैंसर से पीड़ित होने के कारण दुनिया से जुदा हो गई थी। पिता भी बीमारी से ग्रस्त थे। कुछ माह पहले दरिया का एक्सीडैंट भी हुआ था। ऐसे में उसके परिवार की आर्थिक स्थिति और गड़बड़ा गई। लघु किसान दरिया सिंह खेती में इतना मुनाफा नहीं कमा पा रहा था, जिससे उसके परिवार का कर्ज अदा हो सके। इसी वजह से वह कई दिन से परेशान था। यह सब कहना है दरिया सिंह के परिचितों एवं परिजनों का। दरिया सिंह के 2 बच्चे, एक बेटा व एक बेटी है।