किसान आंदोलन 2.0 : किसानों का दिल्ली कूच या घर वापसी? सरकार से आज चौथे दौर की बातचीत

2/18/2024 8:56:11 AM

हरियाणा डेस्क : किसानों के दिल्ली कूच का आज छठा दिन है। दिल्ली कूच के लिए निकले किसान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। केंद्र-किसानों के बीच शाम को चंडीगढ़ में मीटिंग होगी। यह चौथी वार्ता है। इससे पहले 3 मीटिंग बेनतीजा रहीं थी। इस मीटिंग में कोई फैसला न हुआ तो किसानों ने दिल्ली कूच करने का ऐलान किया है। इस आंदोलन के दौरान अब तक एक किसान और सब इंस्पेक्टर की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है।



बताया जा रहा है कि पंजाब के किसानों के समर्थन में हरियाणा के किसान भी आ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने दोपहर में कुरुक्षेत्र में किसान-खाप पंचायत बुलाई है। यहां से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जाएगा। बीते दिन शनिवार को किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चाहे तो अध्यादेश लाकर फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी दे सकती है।



क्या आज निकलेगा हल?

बता दें कि दिल्ली कूच से पहले किसान संगठनों को मनाने के लिए 8 फरवरी को चंडीगढ़ में 3 केंद्रीय मंत्रियों अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय से मीटिंग हुई। दूसरी मीटिंग 12 फरवरी को हुई। 15 फरवरी को चंडीगढ़ में किसान नेताओं की 3 केंद्रीय मंत्रियों के साथ तीसरे दौर की मीटिंग हुई। मीटिंग में पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद थे। यहां केंद्र ने किसानों को MSP पर कमेटी बनाने का प्रस्ताव दिया। उनकी दूसरी मांगों पर भी समाधान के रास्ते बताए। जिसके बाद आज फिर मीटिंग है।


अब 19 फरवरी तक बंद रहेगी इंटरनेट सेवाएं 

गौरतलब है कि किसान आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के 7 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 19 फरवरी की रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेगी। हरियाणा के होम सेक्रेटरी की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।

 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


 

Content Writer

Manisha rana