कृषि कानूनों के खिलाफ फिर सड़कों पर उतरे किसान, दुष्यंत का घर घेरने के लिए निकले

10/6/2020 1:21:29 PM

फतेहाबाद(रमेश):  नए कृषि कानूनों के खिलाफ हरियाणा के सिरसा में आज किसानों का बड़ा आंदोलन है और फतेहाबाद जिले के अलग-अलग जगहों से हजारों की संख्या में किसान कार, बस, ट्रैक्टर में सवार होकर सिरसा की तरफ कूच कर गए हैं। किसान बड़ी संख्या में सिरसा में एकत्रित होंगे और सिरसा रवाना होने से पहले फतेहाबाद में किसानों ने जत्थे के रूप में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी।

सिरसा में आज किसानों ने हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के निवास स्थान का घेराव करने का कार्यक्रम रखा हुआ है। किसान संघर्ष समिति के संयोजक मनदीप सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आज सिरसा में बड़ा आंदोलन है और इस आंदोलन के लिए फतेहाबाद जिले से हजारों की संख्या में किसान शामिल होने के लिए निकल पड़े हैं। इसके अलावा हरियाणा के कोने-कोने से भी किसान सिरसा पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन करेंगे और पुलिस ने अगर किसानों को रोका तो वहीं पर बैठकर अपना धरना देते हुए किसान आंदोलन जारी रखेंगे।

Isha