किसानों ने मनाया विश्व मृदा दिवस, कृषि विभाग ने दिया इनाम

12/5/2017 3:52:05 PM

गोहाना(सुनील जिंदल): सोनीपत रोड पर स्थित किसान विज्ञान केंद्र में जिला सत्रीय विश्व मृदा दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिले भर से आए किसानों को खेती करने की तमाम तरह की जानकारियां दी गई। साथ ही किसानों को भूमि स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए। किसानों से खेती संबंधित प्रश्न भी पूछ गए और सही जवाब देने वाले किसानों को कृषि विभाग द्वारा इनाम भी दिया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में गोहाना की एसडीएम सुभीता ढाका व जिला कृषि अधिकारी अनिल सहरावत ने कार्यक्रम में शिरकत की।



एसडीएम सुभीता ढाका व जिला कृषि अधिकारी अनिल सहरावत ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, वातावरण में बदलाव आ रहा है उसी तर्ज पर खेती योग्य भूमि की उर्वरक शक्ति पर भी प्रभाव पडऩा लाजमी है। ऐसे में किसानों को परपंरागत खेती का मोह छोड़कर विविधीकरण खेती अपनाना चाहिए। इसके लिए समय-समय पर किसान अपनी मिटी का परीक्षण करवाते रहें, सलाहनुसार उर्वरकोंं का प्रयोग करें।



उन्होंने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड से जमीन की उर्वरकता का पता चलेगा, साथ ही यह भी जानकारी दी जाएगी कि अब कौन सी फसल की बिजाई करनी है और उचित उर्वरक के इस्तेमाल की भी जानकारी दी जाएगी। 
आधार से भी लिंक होगा मृदा स्वास्थ्य कार्ड...
कृषि अधिकारी ने बताया कि, आगामी दिनों में जल्द ही इन कार्डों को आधार कार्ड से लिंकअप कर दिया जाएगा ताकि जब भी किसान को किसी भी फसल के बारे में जानकारी लेनी हो तो वह अपने आधार से ही जानकारी हासिल कर सकता है। साथ ही सरकार एवं कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी तुरंत मिल जाएगी।|



वहीं कार्यक्रम में भाग लेने वाले किसानों ने कहा की इस तरह के कैंप व प्रशिक्षण शिविर लगते रहने चाहिए, जिसमें किसानों को उनकी खेतो के बारे मे नई नई जानकरिया मिलती हैं। जिससे किसान अपनी खेती से और भी अच्छी फसल की पैदावार कर मुनाफा कमा सकता है।