सिरसा में हाईटेंशन बिजली टावरों पर चढ़े 8 किसान, कम मुआवजा देने पर कर रहे विरोध प्रदर्शन
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 05:04 PM (IST)
सिरसा (सतनाम सिंह) : हरियाणा के सिरसा से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां वैदवाला गांव में हाईटेंशन बिजली लाइनों के टावरों का उचित मुआवजा न मिलने पर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है। आठ किसान बिजली के हाईटेंशन टावरों पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।
सिरसा शहर को ब्लैक आउट से बचाने के लिए प्रशासन ने पावर हाउस को नई लाइन से जोड़ने का फैसला लिया था। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद काम भी शुरू करवा दिया गया। सिरसा के पावर हाउस में पहले एक ही लाइन आती थी, अगर इसमें कोई फाॅल्ट आ जाए तो पूरे शहर में ब्लैक आउट हो सकता था। इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू किया गया। सिरसा शहर के पावर हाउस को नई लाइन से जोड़ने का प्रोजेक्ट पास हुआ। ग्रामीण इलाकों से होकर बिजली की मुख्य लाइन को पावर हाउस तक पहुंचाना था। इस प्रोजेक्ट का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। खेतों में टाॅवर खड़े कर दिए गए हैं और बिजली की तारें बिछाने का कार्य जारी है। गांव वैदवाला सहित सिरसा के आधा दर्जन गांवों से लाइन निकाली जा रही है। वैदवाला गांव में कार्य अंतिम चरण में है। वैदवाला के किसान टाॅवर लगाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भूमि का अतिरिक्त मुआवजा मांग रहे हैं। सरकार तय शुदा मुआवजा दे रही है। इसी के विरोध में ग्रामीण 23 जून से धरने पर बैठे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें भी हो चुकी हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
कलेक्टर रेट से पांच गुना ज्यादा मुआवजा देने की मांग
इसी के चलते आज वैदवाला गांव के आठ किसान बिजली के टाॅवर पर चढ़ गए और तारें बिछाने का कार्य रूकवा दिया। सूचना मिलने के बाद बिजली निगम के अधिकारी व पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किसानों को मौके से हटाने का प्रयास भी किया। देखते ही देखते ग्रामीण व अलग-अलग संगठनों के किसान नेता भी मौके पर पहुंचना शुरू हो गया। पिछले पांच घंटे से आठ किसान टाॅवर पर चढ़े हुए हैं और अधिकृत की गई जमीन का कलेक्टर रेट से पांच गुना ज्यादा मुआवजा मांग रहे हैं। उधर ग्रामीणों व किसान संगठनों ने समर्थन में धरना लगा दिया है।
टाॅवर पर चढ़े किसान भूपेन्द्र वैदवाला, मैक्स साहुवाला व हरजिन्द्र संधू ने कहा कि जब तक सरकार व प्रशासन किसानों को उचित मुआवजा नहीं देती, धरना जारी रहेगा। उनका कहना था कि वैदवाला गांव के अलावा सभी गांवों में कलैक्टर रेट से पांच गुना तक मुआवजा दिया जा रहा है। वैदवाला गांव शहर के साथ लगता है और यहां सबसे कम मुआवजा राशि दी जा रही है। इसी का विरोध कर रहे है। अगर सरकार व प्रशासन उचित मुआवजा देने पर सहमत हो जाते हैं तो धरना समाप्त कर लिया जाएगा।