अनाज मंडी में अधिकारियों ने लगाया ताला, तो किसानों ने ट्रालियां खड़ी कर बंद किया करनाल-असंध मार्ग

10/3/2021 2:32:14 PM

करनाल (विकास मेहला): हरियाणा के करनाल जिले की जुंडाला अनाज मंडी में अधिकारियों ने किसानों को रोकने के लिए मंडी के तीनों गेटों पर ताला लगा दिया। जिससे किसान गुस्सा गए। उन्होंने पहले तो ताला खुलवाने की गुहार लगाई। लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो सड़क के बीच ट्राली लगाकर रास्ता जाम कर दिया। करनाल से असंध मार्ग पर जुंडला में जाम होने से यातायात बाधित हो गया। लोगों को दूसरे रास्तों से अपने गंतव्य पर जाना पड़ रहा है। सुबह से किसान परेशान है। 



इस बारे मार्केट कमेटी के अधिकारी का कहना है कि सरकार के आदेश आए थे कि जिनका एक व दो का शेड्यूल था उनकी एंट्री की जाए। जो आज आए हैं उनका शेड्यूल नहीं था। आज उनका शेड्यूल तैयार कर दिया जाएगा। जिससे आगे किसानों को दिक्कत नहीं होगी। लेकिन किसान मंडी में धान की फसल लेकर पहुंच रहा है।  



काफी देर बाद मंडी का ताला खोल दिया गया, जिसके बाद किसान मंडी के गेट के बाद ही धरने पर बैठ गए कि खरीद शुरू की जाए, क्योंकि सरकार ने 3 अक्टूबर से खरीद शुरू करने के लिए कहा था पर अब तक सरकार और प्रशासन की तरफ से खरीद शुरू नहीं हुई है जिसके चलते किसानों को समस्या से दो चार होना पड़ रहा है।

Content Writer

vinod kumar