अंबाला व यमुनानगर में किसानों की फसलों पर बरसा कुदरत का कहर

10/11/2018 12:39:41 PM

अंबाला/यमुनानगर(अमन/सुमित): अंबाला में देर रात हुई ओलावृष्टि में किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। जिससे सैंकड़ो एकड़ फसल खराब हो हई। जिसके चलते नाराज किसानों ने अंबाला-हिसार हाइवे पर जाम लगा दिया और सरकार से उचित मुआवजे की मांग की।

इतना ही नहीं भारी बरसात के साथ गिरे ओले के चलते कई इलाकों में  जलभराव हो गया। साथ ही निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। भारत के साथ लगती दोनों खाडिय़ों में उठ रहे चक्रवात के चलते वीरवार सुबह अचानक बदले मौसम के कारण अम्बाला व यमुनानगर में घने बादल छा गए और एकाएक तेज हवाओं के साथ तेज बरसात शुरू हो गई। बीच-बीच में तेज बिजली चमकती रही और कई जगहों पर बिजली गिरी तो कई जगह पेड़ उखड़ गए। 3 घंटे से भी अधिक लगातार मूसलाधार बारिश ने लोगों को सर्दी का आगाज करवा दिया। 

अम्बाला में 50 एम.एम. तो वहीं यमुनानगर में 82 एम.एम. बारिश दर्ज की गई।अम्बाला में 3 जगह बिजली गिरी। वहीं तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से किसानों को भी भारी नुक्सान हुआ। मंडियों में पड़ी धान की फसल भी बारिश के पानी के साथ बहती नजर आई। सभी जगह कई फुट पानी जलभराव ने एक बार फिर से प्रशासन की पोल खोल दी। इसका जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मंडियों का दौरा किया व नुक्सान का जायजा लिया। ट्विनसिटी व ट्राइसिटी के विभिन्न स्कूलों व कई सरकारी विभागों में भी पानी घुस गया। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव रहा, जिस कारण कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।
 
 

Rakhi Yadav