हरियाणा सरकार के कृषि सलाहकार के पुतले पर किसानों ने बरसाए जूते, तहसील में तालाबंदी की चेतावनी

1/30/2024 5:18:34 PM

गोहाना(सुनील जिंदल): लघु सचिवालय के बहार किसानों का धरना दूसरे दिन भी जारी है। धरने के दौरान मंगलवार को किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ आक्रोशित किसानों ने रिटायर्ड आईएस अधिकारी व वर्तमान में कृषि सलाहकार अमरजीत सिंह मान के फोटो को जूतों की माला पहनाया और फोटो पर पांच-पांच जूते लगाए। उनका कहना है कि उन्हें अगर रोड जाम या फिर तहसील में ताला लगाना पड़ा तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। किसान खराब हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर बीते रोज से धरना दे रहे हैं। 

किसानों का आरोप है कि जिले के हजारों किसानों को वर्ष 2021 व 22 का मुआवजा नहीं मिला है। जबकि किसानों के खाते से बीमा प्रीमियम काटा गया है। फसलों का मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर किसानों ने कल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। किसानों का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक कारणों से खराब होने वाली फसलों का मुआवजा देने के लिए फसल बीमा योजना शुरू की हुई है। योजना के तहत ऋणी किसानों का प्रीमियम बैंक खाते से ही काट लिया जाता है। प्रीमियम कटने के बाद भी किसानों को योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

किसानों का आरोप है कि फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के पैसे की लूट की जा रही है, जहां फसल खराब नहीं हुई उन किसानों को कोई लाभ नहीं मिला। उनका प्रीमियम भी नहीं लौटाया गया। वहीं खराब होने की स्थिति में भी किसानों को बीमा का लाभ नहीं दिया गया। इससे किसानों में रोष है। सोनीपत जिले में करीब पांच हजार किसानों को यह लाभ नहीं मिला। इसके अतिरिक्त धान की खराब हुई फसलों का भी मुआवजा जारी नहीं किया गया।  किसानों की शत प्रतिशत फसलें खराब होने पर भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला।

 (हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal