हरियाणा में राजनीतिक कार्यक्रम और किसान महापंचायतें नहीं करेगी भाजपा

1/14/2021 11:54:51 AM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा में किसान आंदोलन के चलते भाजपा ने अब राजनीतिक कार्यक्रम और किसान महापंचायतें ना करने का फैसला लिया है। भाजपा की तरफ से अब किसानों के समानांतर किसी प्रकार के बड़े आयोजन नहीं किए जाएंगे। इसका फैसला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया गया है।

करनाल के कैमला गांव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की किसान महापंचायत में हंगामे के बाद यह फैसला लिया गया है। किसान महापंचायत में हंगामे के बाद हरियाणा भाजपा और जजपा के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। केंद्रीय हाइकमान को किसान महापंचायत के दौरान हुए हंगामे को लेकर पूरी जानकारी दी गई, जिसके बाद किसानों के समानांतर भाजपा की तरफ से किसी प्रकार के बड़े आयोजनों पर रोक लगाई है। मीटिंग में शामिल रहे शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने अमित शाह ने सलाह दी कि कि कोई राजनीतिक कार्यक्रम या रैली ना करें। किसी तरह के टकराव की स्थिति पैदा हो यह हम नहीं चाहते हैं। 

वहीं दूसरी तरफ अभय चौटाला ने अब अपने पुराने नेताओं को जोड़ने की तैयारी कर दी है। अभय चौटाला अब किसान आंदोलन के साथ साथ प्रदेशभर में जाने की तैयारी में हैं। अभय चौटाला ट्रैक्टर यात्रा के जरिए जनता के बीच जाएंगे और अपने पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ेंगे। अभय चौटाला 15 जनवरी से अंबाला के शंभू बार्डर से दिल्ली तक ट्रैक्टर यात्रा की तैयारी में जुट गए हैं। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की देखरेख में इसकी तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए कार्यक्रम घोषित किए जाने वाले हैं।

vinod kumar