खराब फसल का ब्यौरा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवाने वाले किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा, सरकार ने जारी राशि(VIDEO)

6/1/2023 5:46:57 PM

सिरसा (सतनाम सिंह) : जिले में मार्च महीने में हुई बरसात और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। रानियां क्षेत्र में किसानों की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। गेंहू के अलावा सब्जियों की फसल की बात की जाए तो कई सब्जियां जैसे टमाटर, हरी मिर्च, भिंडी, चप्पन कद्दू फसल बिल्कुल नष्ट हो गई है। किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे थे। अब सरकार की तरफ से इन किसानों के लिए मुआवजे की राशि जारी कर दी गई है। सिरसा जिला के 63 गांव को 10 करोड़  49 लाख रुपए जारी किए गए हैं। जो कि जल्द ही किसानों के खाते में पहुंच जाएंगे। गौरतलब है कि इस ओलावृष्टि में जिला के 63 गांव प्रभावित हो गए थे जिसमें ऐलनाबाद के 8 गांव रानियां के 22 गांव सिरसा के 12 व कालावाली के 21 गांव प्रभावित हुए थे। यह मुआवजा उन किसानों को जारी हुआ है जिन्होंने अपनी खराब फसल का ब्यौरा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवाया था। 

डिस्ट्रिक्ट रेवेन्यू ऑफिसर सुरेश बौद्ध ने बताया कि खरीफ की फसल के ओलावृष्टि और बारिश से नुकसान को देखते हुए सरकार ने स्पेशल गिरदावरी के आदेश दिए थे। जिसमें प्रशासन की तरफ से दो स्टेज पर गिरदावरी की गई थी। पहले स्टेज में किसान  क्षतिपूर्ति पोर्टल पर खुद अपनी फसल के नुकसान का ब्यौरा दर्ज करवाया था। वहीं दूसरे चरण में विभाग के पटवारी मौके पर जाकर फसलों की गिरदावरी की थी। सुरेश बौद्ध ने बताया कि अब सरकार की तरफ से ई-क्षति पूर्ति पोर्टल पर दर्ज फसल के खराबे का मुआवजा जारी कर दिया गया है जिसमें सिरसा जिला को 10 करोड़ 49 लाख रुपए जारी किए गए हैं जोकि सीधे ही चंडीगढ़ से किसानों के खाते में पहुंच जाएंगे। अब किसानों को मुआवजे के लिए अधिकारियों के पीछे परेशान नहीं होना पड़ेगा।

सुरेश बौद्ध ने बताया कि यह मुआवजा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, ई-खरीद पोर्टल को कंपेयर करने के बाद ही जारी किया गया है। इसमें जिन किसानों की 50 प्रतिशत तक फसल खराब हुई है उन्हें ₹9000 प्रति एकड़, 50 से 75% तक फसल खराब पर ₹12000 प्रति एकड़, जहां पूरी तरह से फसल बर्बाद हो गई है वहां ₹15000 प्रति एकड़ के हिसाब से किसानों को मुआवजा जारी किया गया है। सुरेश बौद्ध ने बताया कि एक-दो दिन में किसानों के खाते में यह राशि ट्रांसफर हो जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि जिन किसानों की स्पेशल गिरदावरी पटवारियों की तरफ से की गई थी उन्हें भी जल्द मुआवजा जारी हो जाएगा। वहीं सुरेश बौद्ध ने बताया कि जिन किसानों ने अपनी फसल के बीमा करवा रखे हैं उन्हें भी जल्द ही बीमा की राशि उनके खातों में  पहुंच जाएगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

Content Editor

Mohammad Kumail