किसान जैविक खेती को अपनाए जिससे गुणवत्ता फसल का उत्पादन हो:  वन मंत्री

12/6/2021 12:25:12 PM

यमुनानगर (सुमित): विश्व मृदा दिवस के अवसर पर अनाज मण्डी प्रतापनगर में फसल विविधिकरण स्कीम के तहत  जिला स्तरीय किसान मेले करवाया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवरपाल ने शिरकत की। कंवरपाल ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसान जैविक खेती को अपनाए जिससे गुणवत्ता फसल का उत्पादन हो। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ-साथ पशु-पालन, मधु-मक्खी पालन, खुम्ब उत्पादन, बागवानी, मत्स्य पालन इत्यादि को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वह फानो में आग न लगाए व कृषि यंत्रों से सीधी अगली फसल की बिजाई या फानों को फसल अवशेष प्रबन्धन कृषि यंत्रों से मिट्टी में मिला दें।  

इस अवसर पर क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द उच्चानी करनाल के वैज्ञानिक डॉ0 नरेन्द्र सिंह, कृषि विज्ञान केन्द्र दामला के को-ऑरडिनेटर डॉ एनके गोयल, गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक डॉ बाल मुकन्द कौशिक, उप मण्डल कृषि अधिकारी डॉ सतबीर सिंह, सहायक कृषि अभियन्ता डॉ विनीत कुमार जैन, विषय विशेषज्ञ जगाधरी डॉ विरेन्द्र कुमार, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती उषा काम्बोज व कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों ने किसानों को अलग-अलग विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके उपरांत किसानों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें किसानों से खेती से सम्बन्धित सवाल पूछे गए तथा सही जवाब देने वाले 10 किसानों को मुख्य अतिथि कंवरपाल द्वारा पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मेेले में कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों सहित लगभग 600 किसानों ने भी भाग लिया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha