मुख्यमंत्री के काफिले को रामायण टोल प्लाजा पर किसानों ने दिखाएं काले झंडे

5/4/2021 9:02:24 AM

हांसी(संदीपसैनी ): मुख्यमंत्री मनोहर लाल के काफिले को सोमवार को रामायण टोल प्लाजा पर किसानों ने काले झंडे दिखा कर अपना विरोध प्रकट किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फतेहाबाद में कार्यक्रम था। किसानों को जैसे ही मुख्यमंत्री के फतेहाबाद में कार्यक्रम की भनक लगी तो किसान रामायण टोल प्लाजा पर जमा हो गये और मुख्यमंत्री के आगमन का इंतजार करते रहे। 

सायं 6 बजे मुख्यमंत्री के काफिले के रामायण टोल प्लाजा पर पहुंचने कर किसानों ने किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कुलदीप खरड़ के नेतृत्व में काले झंडे दिखाकर रोष व्यक्त किया। सीएम के काफिले में सिर्फ उनकी गाड़ियां ही शामिल थीं। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तो हेलीकॉप्टर से जाने का था। जिला अध्यक्ष कुलदीप खरड़ ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो वह सड़क के रास्ते से निकल कर दिखाएं उन्हें किसानों की ताकत का पता लग जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को गिरफ्तार करवाकर उन्हें डरा नहीं सकती। 

उन्होंने कहा कि पहले किसान, मजदूर व कमेरा वर्ग के लोगों के काम धंधे चौपट हो गए हैं और अब सरकार फिर से लॉकडाउन लगाकर लोगों को बर्बाद करने का काम करने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ गरीब लोगों के चालान काटने पर तुली हुई हैं। खरड़ ने कहा कि जब तक तीनों कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाता किसानों का आंदोलन जारी रहेगा चाहे यह आंदोलन कितना ही लंबा क्यों ना चले।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Isha