लाठियां चलाने वाले पुलिसकर्मियों की किसानों ने निकाली शव यात्रा, सरकार को दी चेतावनी

9/1/2021 6:22:55 PM

पिहोवा (संजीव पुरी): करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद प्रदेश भर में माहौल गर्म है। इस मामले के बाद किसानों में काफी गुस्सा है। किसानों द्वारा सिर फोड़ने का आदेश देने वाले एसडीएम सहित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसी बीच आज पिहोवा में किसानों पर लाठियां चलाने वाले पुलिस कर्मियों की किसानों ने शव यात्रा निकाली।



इस शव यात्रा में किसानों के साथ-साथ भारी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान किसानों ने चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ अगर कार्यवाही ना हुई तो वे अपना संघर्ष तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।



किसानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने मनोहर लाल खट्टर को 21वीं सदी का जनरल डायर बताया।  उन्होंने कहा कि 1919 में जिस प्रकार जरनल डायर के आदेशों पर अमृतसर के जलियांवाला बाग में स्वतंत्रता सेनानियों व देशवासियों पर अंधाधुंध गोलियां व लाठियां चलाई गई, उसी प्रकार इस सदी के जनरल डायर मनोहर लाल खट्टर के आदेशों पर करनाल पुलिस ने शांतिपूर्वक रोष प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठियां चलाकर उनको घायल किया।



वहीं शव यात्रा में शामिल महिलाओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जल्द से जल्द तीनों काले कृषि कानूनों को वापस ले, ताकि पिछले 9 महीनों से दिल्ली की सीमाओं व हरियाणा और पंजाब के टोल प्लाजों पर संघर्ष कर रहे किसान अपने घरों को वापस लौट सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस दिन महिलाएं सरकार का तख्ता पलटने पर उतर आई उस दिन न केंद्र की मोदी सरकार सत्ता में रह पाएगी और न ही इस सदी के जरनल डायर मनोहर लाल खट्टर की सरकार।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar