डिप्टी CM और जेल मंत्री के घर का घेराव करेंगे किसान, 10 DSP व 30 इंस्पेक्टर संभालेंगे मोर्चा

10/6/2020 1:30:33 PM

सिरसा(सतनाम):  केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में आज सिरसा में प्रदेश भर के किसान केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेंगे। सिरसा की चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के सामने दशहरा ग्राउंड में किसानों की रैली रखी गई है जिसमें हरियाणा भर से किसानों के साथ साथ पंजाब हरियाणा के गायक भी प्रदर्शन में शामिल होंगे। करीब 2 बजे किसान हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के आवास का घेराव करेंगे। सिरसा पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र कड़े इंतजाम किए हुए है। 12 पुलिस कंपनियों को सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गईं है,दूसरे जिलों की पुलिस को भी सिरसा में तैनात किया गया है।

किसान आज बरनाला रोड स्थित उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व कैबिनेट मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला के आवास का घेराव करेंगे जिसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त कर लिए हैं। उप मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री के आवास की ओर आने वाले मार्गों व गलियों को भी सील कर दिया गया है। 12 पुलिस कंपनियों को सुरक्षा की जिम्मेवारी सौंपी गई है। दूसरे जिलों से भी पुलिस कंपनियों को सिरसा बुलाया गया है। 10 डीएसपी व 30 इंस्पेक्टर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। शहर में प्रवेश के कई रूटों को भी डायवर्ट किया गया है। जगह-जगह बेरिगेटिंग कर दी गई है। वज्र वाहन, वाटर कैनन सहित सुरक्षा के उपकरण भी मंगवा लिए गए हैं। आज सुबह सिरसा एसपी और डीएसपी प्रशासनिक अधिकारियों सहित मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

सिरसा के एसडीएम जय वीर यादव ने कहा कि किसानों के घेराव के कार्यक्रम को देखते हुए पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री के आवास की ओर जाने वाले मार्गों व गलियों पर बैरिगेटिंग की गई है। सभी जगह पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुख्ता बंदोबस्त किये गए है। उन्होंने कहा कि 16 ड्यूटी मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सिरसा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए है। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों के आवास की और जाने वाले सभी रास्तों को सील किया गया है और पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।

Isha