भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और युवा परेशान : निशित कटारिया

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 09:20 PM (IST)

बहादुरगढ़:  हरियाणा युवा कांग्रेस द्वारा शुक्रवार शाम गांव कानोंदा में चलो वार्ड चलो पंचायत अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान निशित कटारिया ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, कर्मचारी और युवा सभी वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। युवा कांग्रेस गांव-गांव और वार्ड-वार्ड पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है।

PunjabKesari
उन्होंने कहा कि हाल ही में नीट परीक्षा रद्द होने के मामलों ने भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और सरकार युवाओं को सुरक्षित एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली देने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी।

निशित कटारिया ने चलो वार्ड चलो पंचायत अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को धरातल पर जाकर जानने का अवसर मिल रहा है। लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर युवा कांग्रेस को मजबूत करने का काम भी लगातार जारी रहेगा।

PunjabKesari

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि चलो वार्ड चलो पंचायत अभियान को प्रदेशभर में अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कानोंदा में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रदीप यादव ने कहा कि युवा कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है और आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वेद प्रधान,युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव नवदीप कम्बोज,सत्ते प्रधान, अनिल वाल्मीकि,विक्की प्रधान, जिला सचिव रामधन कुलासी, युवा शहरी ब्लॉक अध्यक्ष पंकज फोगाट,आसोदा ब्लॉक अध्यक्ष रोहित खत्री, मंधीर व ग्रामवासी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static