रोजाना 10 घंटे बिजली सप्लाई की मांग को लेकर धरतीपुत्रों ने सीएम को लिखा पत्र

7/2/2019 6:50:40 PM

पानीपत (अनिल कुमार): मानसून की देरी से समूचा हरियाणा बेहाल है। अभी यह उत्तराखंड के मुक्तेश्वर में अटका हुआ है। प्रदेश में मानसून की देरी के कारण खरीफ बिजाई लक्ष्य भी पीछे रह गया है। किसानों का कहना है कि बिजली निगम 8 घंटे सप्लाई देने की बात कर रहा है, लेकिन इसे मानसून के आगमन तक 2 घंटे बढ़ाकर रोजाना 10 घंटे किया जाना चाहिए, क्योंकि खरीफ फसलों को गर्मी से बचाए रखना चुनौती बन गया है। इधर, कृषि विभाग ने अधिकारियों को फसलों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं, ताकि सूखे की स्थिति पता लगने पर किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की जा सके।



प्रदेश के 8 जिलों में  90 फीसदी, जबकि 3 जिलों में 80 फीसदी तक कम बरसात हुई है। जबकि मानसून सीजन के 31 दिन बीत चुके हैं। प्रदेश में सूखे जैसे हालात बने हैं, किसानों की फसल सूखने की कगार पर है। जिसपर किसानों का कहना है कि हम पानी बचाने के पक्ष में हैं, लेकिन फसलों की चिंता उनकी परेशानियों को बढ़ा रही है।



भारतीय किसान यूनियन ने पत्र के जरिए सीएम को लिखा है कि किसान पानी बचाने के पक्ष में हैं, क्योंकि बिना पानी कुछ नहीं, लेकिन मानसून की देरी के कारण फिलहाल किसान गहरे संकट में हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि सीएम मनोहर लाल किसानों की पीड़ा समझेंगे और जब तक मानसून नहीं आता, तब तक बिजली की सप्लाई 2 घंटे बढ़ा कर दिलवाएं। 

Shivam