फर्रूखनगर डबल मर्डर मामले में दो अन्य आरोपी काबू

3/4/2017 1:31:40 PM

गुड़गांव:फर्रूखनगर के फाजिलपुर मोड़ के पास एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में हुए डबल मर्डर मामले में पालम विहार की अपराध शाखा ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने ही ऑफिस में गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिल्ली के उत्तम नगर से गिरफ्तार किया। इस मामले में अभी एक और आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द उसे भी काबू कर लिया जाएगा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राजेश उर्फ फौजी और युवराज के रूप में की गई है, जबकि पांचवां आरोपी लोकेश पुलिस की गिरफ्त से अभी दूर है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 3 दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जा सकते हैं। वहीं पुलिस पहले ही दो आरोपियों वेद सैनी और झज्जर जिला के बामडौला निवासी जगदीश को दिल्ली के द्वारका से गिफ्तार कर चुकी है। पालम विहार अपराध शाखा प्रभारी सज्जन कुमार की टीम को सूचना मिली कि फर्रूखनगर हत्या मामले में दो आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर में हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने दोनों को उत्तम नगर से दबोच लिया। 

 

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सम्भावित जगहों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर संदीप और राम अवतार की हत्या के मामले में गोली लगने से घायल तीसरे प्रॉपर्टी डीलर सीनू के बयान पर मामला दर्ज कर लिया था। यहां आपको बता दें कि 23 फरवरी को दिन दहाड़े बदमाशों ने फर्रूखनगर एरिया में एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में घुसकर तीन युवकों को ताबड़तोड़ गोली मार दी थी। गोली लगने से जहां प्रॉपर्टी डीलर सहित दो की मौत हो गई, वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। फाजिलपुर मोड़ पर वीरवार को दोपहर करीब एक बजे प्रॉपर्टी डीलर वेद सैनी के ऑफिस पर तीन युवक बैठे हुए थे। 

 

बताया जाता है कि तीनों ही प्रॉपर्टी का काम करते है। इस दौरान अचानक सफेद रंग की स्कार्पियो आकर रूकी। कार में सवार अज्ञात हमलावरों ने पिस्टल निकाल कर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस हमले में संदीप व रामअवतार की गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीनू उर्फ सुनील गोली लगने से घायल हो गया था।