लड़का होने की दवाई देने वाली नकली महिला डॉक्टर रंगे हाथों काबू

1/26/2017 5:44:47 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट):फतेहाबाद के स्वामी नगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक घर में छापा मार एक महिला को पकड़ लिया, जो लडक़ा होने की दवाई दे रही थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. गिरीश ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी स्वामी नगर निवासी इंद्रो देवी लडक़े होने की दवाई दे रही है। सूचना मिलते ही टीम तैयार की गई। 

टीम में रतिया एसएमओ वीके जैन, डॉ. डोली, नरेंद्र खरब सहित अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया। वही टीम ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद एक फर्जी ग्राहक को बुलाया गया। ग्राहक ने उक्त महिला से पहले फोन पर बात की। इसके बाद घर आकर दवाई लेने को कहा। फर्जी ग्राहक को 500 रूपए देकर लड़का होने की दवाई लेने भेजा। जैसे ही उसने लड़का होने की दवाई दी और 500 रूपए लिए तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ घर में छापा मार दिया और उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। 

महिला के घर अलग- अलग प्रकार की दवाईयां बरामद की हैं जिससे लड़का होने की महिला दवाई बनाती थी। वह घर में अपना यह व्यापार चला रही थी। मामले की सूचना एसएचओ सुरेंद्र कुमार मिलते ही वह भी मौके पर पहुंच गए।