चुनावी रंजिश के चलते दो गुटों में खूनी संघर्ष, गोली लगने से एक युवक की मौत(Video)

3/3/2018 11:49:40 AM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद के गांव सुखमनपुर में फाग के दिन खूनी होली खेली गई। गांव में पंचायती चुनाव की रंजिश में दो गुटों में विवाद हो गया और नौबत यहां तक आ गई कि गांव की सरपंच के चचेरे देवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं सरपंच के परिवार की एक महिला और एक व्यक्ति फायरिंग में घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए मामले में एक दर्जन लोगों को नामजद किया है और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सुखमनपुर की सरपंच सीमा के पति ईश्वर सिंह ने शिकायत दी है कि शुक्रवार को फाग के दिन उनके सामने पंचायत चुनाव लड़ने वाले पक्ष ने घर आकर हमला किया। पंचायत चुनाव में उसकी पत्नी सीमा ने सरपंच पद पर चुनाव लड़ा था और हमलावर पक्ष चुनाव हार गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि चुनावी रंजिश में गांव की सरपंच सीमा पत्नी ईश्वर सिंह के घर आकर चुनाव हारने वाले पक्ष ने हमला किया और झगड़े में फायरिंग भी की। पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया कि फायरिंग करते हुए सरपंच सीमा के चचेरे देवर रवि को सीधी गोली मारी गई जिससे अस्पताल ले जाते हुए रवि की मौत हो गई। वहीं फायरिंग में सरपंच के परिवार की एक महिला और एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। 

डीएसपी ने बताया इस मामले में सरपंच सीमा के प्रति ईश्वर सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम ने छापेमारी कर रही है। वहीं गांव में घटना के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी हालात से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आरोपी पक्ष के लोग जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।