Fatehabad: पिता ही निकला बेबस बेटी का हत्यारा, घर में गड्ढा खोदकर दबाया शव

punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 08:23 PM (IST)

फतेहाबाद (रमेश कुमार) : फतेहाबाद जिले के गांव काताखेड़ी में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की बीमारी से तंग आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और घर में ही उसका शव दबा दिया। मामला करीब 14 दिन पहले का है। मृतका के चाचा को शक हुआ तो इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार जीत सिंह निवासी गांव काताखेड़ी सफाईकर्मी है। उसकी 26 साल की बेटी छन्नो देवी का विवाह रतिया के गांव मड़ में हुआ था। छन्नो देवी पिछले कई साल मानसिक रूप से बीमार चल रही थी और 4-5 साल से वह अपने पिता के पास ही गांव काताखेड़ी में रहती थी। 

गड्ढा खोदकर दबाया शव

पुलिस ने अनुसार आरोपी पिता ने कुबूल किया कि वह अपनी बेटी पर लगातार खर्चा कर रहा था। बेटी मानसिक तौर पर परेशान थी और कई बार उसके हाथ काट लेती थी। परेशान होकर उसने अपनी बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी और घर में ही छप्पर के नीचे गड्ढा खोदकर उसके शव को दबा दिया। मामले का खुलासा शुक्रवार को 14 दिन बाद हुआ है। जब युवती का चाचा घर में गया तो उसे भतीजी नजर नहीं आई और न ही पड़ोसियों को कई दिन से वह दिखाई दी। 

मिट्टी उखड़ी देख चाचा को हुआ शक

इसके बाद मृतक युवती के चाचा ने जब घर में छप्पर के नीचे की जगह खुदी हुई देखी तो उसे शक हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल शुरू की। फिलहाल पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटाए। फिलहाल शव को छप्पर के नीचे से निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए फतेहाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने बताया कि छन्नो देवी की मां का निधन हो चुका है। उसकी छोटी बहन की भी शादी हो चुकी है। एक 22 साल का छोटा भाई जसविंदर सिंह है, जो घर में नहीं रहता है। वह अक्सर बाहर ही रहता है।

हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का केस दर्ज

पुलिस के अनुसार जीत सिंह पर 13 जून को अपनी बेटी छन्नो देवी की हत्या की थी। उसने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। बेटी आस-पड़ोस के लोगों को नहीं दिखी तो उनको शक होने लगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज किया है। 

​​​​​(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static