Honour Killing : झूठी शान की खातिर पिता व दादी ने नाबालिग को उतारा मौत के घाट, रातों रात किया अंतिम संस्कार

5/18/2023 4:16:00 PM

पानीपत (सचिन शर्मा) : जिले में ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है। जहां पिता ने अपनी मां व दो अन्य के साथ मिलकर अपनी नाबालिग बेटी को मौत के घाट उतार दिया और रातों रात गांव के श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पिता और दादी पर केस दर्ज कर हत्या के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले पानीपत की नलवा कॉलोनी की रहने वाली नाबालिग लड़की परडाना गांव के एक युवक के साथ घर से भाग गई थी। पुलिस ने लड़की को तलाश कर परिजन को सौंप दिया और युवक को नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि पानीपत में हत्या की इस साजिश का आरोप लड़की के माता-पिता के साथ उसकी दादी पर भी है।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि कुछ समय पहले लड़की किसी लड़के के साथ घर छोड़कर चली गई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था। लड़की के नाबालिग होने के चलते उसे शेल्टर होम भेज दिया गया था। वहीं युवक को नाबालिग लड़की को बहलाकर ले जाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

इस घटना के कुछ दिनों बाद लड़की के परिजन उसे शेल्टर होम से अपने घर ले आए। कल पुलिस को जानकारी मिली कि लड़की गायब हो चुकी है। इस पर पानीपत एसपी ने अपने स्तर पर जांच की और लड़की से मिलने की बात की तो लड़की उन्हें नहीं मिली। जब लड़की के पिता से इस बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि लड़की ने खुदकुशी कर ली है और उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया है।

पुलिस को पिता की बताई कहानी पर शक हुआ तो पुलिस ने गांव में जाकर इस संबंध में गहनता से पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद पुलिस के सामने जो सच्चाई सामने आई वह चौंकाने वाली थी। पुलिस को पता चला कि लड़की की मौत के बाद आस पड़ोस के किसी व्यक्ति ने परिजनों के रोने तक की आवाज नहीं सुनी। वहीं लड़की की दादी ने गांव में यह कहा कि उसको जो करना था, वह उसने कर लिया। इस पर पुलिस का शक और गहरा हो गया। आखिरकार पुलिस ने इस मामले में सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस के अनुसार लड़की के पिता ने अपनी मां और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। लड़की की गला घोंटकर हत्या की गई थी और उसके बाद शनिवार रात को करीब 12 बजे गुपचुप तरीके से उसका अंतिम संस्कार गांव उझा के श्मशान घाट में कर दिया गया। पानीपत में ऑनर किलिंग के मामले में पुलिस ने फिलहाल हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर मृतक लड़की के पिता कृष्ण को गिरफ्तार किया है। पुलिस पानीपत में लड़की की हत्या के मामले में अन्य तीन आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail