कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में गरजे पिता-पुत्र, बोले- हरियाणा में नहीं कोई भी सुरक्षित...दिनदिहाड़े की जा रही हत्याएं

3/10/2024 4:47:52 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा में लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे है। प्रदेश में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां काफी समय से पहले से शुरु कर दी है। प्रदेश में पार्टी के दिग्गज नेता लगातार जनता के बीच जाकर जनसंपर्क अभियान कर रहे हैं। इसके साथ ही सरकार के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग इलाके में जन आक्रोश रैली भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज रविवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 के ग्राउंड में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली हो रही है। इस रैली में हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखी।



बीजेपी पर बोला तीखा हमला

इस दौरान भूपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान से लेकर नौजवान तक हर कोई परेशान है। इस सरकार ने हरियाणा के लोगों से वादा तो बहुत किया, लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ प्रचार करते हैं। इस बार के चुनाव में प्रदेश की जनता इनको बाहर का रास्ता दिखाएगी। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कोई भी सुरक्षित नहीं है। दिन दहाड़े लोगों की हत्या की जा रही है। प्रदेश में गुंडई चरम पर है। 

वहीं दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा में बीजेपी का वजूद खिसक चुका है। लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह के बीजेपी छोड़ कांग्रेस में वापसी को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पिछले 1 वर्ष में 33 पूर्व सांसद और विधायकों के अलावा मौजूदा सांसद भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। यह क्रम लगातार जारी है और निश्चित तौर पर हरियाणा में परिवर्तन होगा, जिसके चलते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में लगातार अपना प्रदर्शन कर रही है और लोग भी समझ चुके हैं कि प्रदेश में विकास की पटरी से उतरने वाली भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। 

वहीं लोकसभा पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम अपने लिए नारा नहीं बल्कि जनता के लिए नारा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग अपने लिए 400 पार का नारा लगा रहे हैं, पर हम बुजुर्गों को 6000 पेंशन, 300 यूनिट फ्री बिजली और युवाओं को रोजगार सहित सुविधा देने का नारा लगा रहे हैं। इस मौके पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने चुनावी घोषणा पत्र पर जानकारी देते हुए कहा कि आज कांग्रेस का परिवार बढ़ रहा है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Manisha rana