शराब पीने से रोका तो बेटे पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, मौत

4/3/2017 10:43:08 AM

रेवाड़ी(वधवा):शराब की लत के चलते एक हंसता खेलता परिवार बर्बाद हो गया है। शराब के आदी एक पिता ने अपने ही बेटे को कुल्हाड़ी से काट दिया और फरार हो गया। वारदात के बाद घर में कोहराम मच गया है। परिवार के साथ-साथ पूरा गांव इस घटना से दुखी है। फिलहाल पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया है और पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 
जानकारी के अनुसार जिला के गांव दडौली निवासी 45 वर्षीय शक्ति सिंह शराब का आदी है। वह अपनी पत्नी मौसम, 21 वर्षीय बेटे ब्रह्मप्रकाश व बेटी पूजा व अन्नु के साथ रहता था। बीती रात शक्ति सिंह घर पर शराब का सेवन कर रहा था। ब्रह्मप्रकाश ने उसे रोका लेकिन शक्ति सिंह नहीं माना। थक हार कर ब्रह्मप्रकाश घर के आंगन में चारपाई पर लेट गया। शराब के नशे में धुत्त और तैश में आकर शक्ति सिंह ने ब्रह्मप्रकाश पर कुल्हाड़ी से ताबड़-तोड़ वार करना शुरू कर दिया। ब्रह्मप्रकाश की आवाज सुनकर मौसम वहां आई तो उसने देखा कि एक बाप ही अपने खून का खून करने पर तुला था। गंभीर रूप से घायल व खून से लथपथ ब्रह्मप्रकाश को देखकर मौसम चिल्लाने लगी। 
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित होने लगे लेकिन जब तक ग्रामीणों को माजरा समझ आता शक्ति सिंह वहां से फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने घायल को तुरंत ट्रामा सैंटर रेवाड़ी पहुंचाया। जहां उसे उसकी गंभीर हालात को देखते हुए रैफर कर दिया गया। तत्पश्चात उसे गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।