चोरी के आरोप में गिरफ्तार पिता-पुत्र ने किया खुलासा,15 किलो सोना किया था चोरी

5/11/2018 10:31:24 AM

सोनीपत: टी.डी.आई. के फ्लैट में रह रही दिल्ली के स्वर्ण व्यापारी की पत्नी ने सी.बी.आई. रेड से बचने के लिए करोड़ों की सोना चोरी की वारदात को महज लाखों की बताया था। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात से पर्दा उठाने के बाद करोड़ों की चोरी होने का भी खुलासा कर दिया है। 

पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की निशानदेही पर अब तक साढ़े 4 किलो सोना व 2 कार बरामद कर चुकी है। पुलिस ने अब एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने बताया कि वह वारदात को अंजाम देकर सोना बेचने के बाद 4 देशों में घूमकर आए हैं। उसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। 

गौरतलब है कि 23 अप्रैल, 2017 को अंजलि सिंगला ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति अमित सिंगला के टी.डी.आई. स्थित फ्लैट में रहती थी। उसने कहा था कि वह किसी काम से 20 अप्रैल, 2017 को अमृतसर गई थी। वहां से आने के बाद उसे पता लगा कि कार में रखा उसका 350 ग्राम सोना व नकदी चोरी हो गए हैं। जिस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया था। 

पुलिस ने जांच की तो पता लगा था कि अमित सिंगला की दिल्ली व बनारस मेंं सोने की चेन बनाने की फैक्टरी है। उस पर सी.बी.आई. व आयकर विभाग की रेड पड़ी थी। जिसके बाद वह जेल में चला गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी टी.डी.आई. में रहने लगी थी। 

बाद में महिला ने पुलिस को बताया था कि उसके पति के पास रोहिणी, दिल्ली निवासी रितेश चड्ढा व उसका लड़का मेहुल चड्ढा काम करते थे। वह उसके पति की फैक्टरी में निर्मित चेन दिल्ली, यू.पी., हरियाणा, पंजाब, हिमाचल व राजस्थान मे सप्लाई करते थे। जब उसके पति पर सी.बी.आई. व आयकर विभाग का छापा पड़ा तो उन्होंने उसे डर दिखाया था कि अभी घर में काफी सोना है। फिर से रेड पडऩे पर सोना जब्त हो सकता है। उन्होंने उसे सलाह दी थी कि सोने को कार में छिपाकर रख दो। 

बाद में कार से सोना चोरी हो गया। जिस पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एस.आई.टी. सोनीपत में नियुक्त ए.एस.आई. राजबीर सिंह की टीम ने रोहिणी के रितेश चड्ढा को काबू कर लिया था जिसके बाद पुलिस को पता लगा था कि 350 ग्राम नहीं बल्कि 15 किलो सोना छिपाया गया था जो चोरी हो गया था।

तब महिला ने बताया था कि उसे डर था कि कहीं फिर से सी.बी.आई. की रेड न पड़ जाए जिसके चलते ही उसने 4.84 करोड़ के सोने को 11.30 लाख की चोरी ही बताया था। रितेश ने बताया था कि उसने अपने बेटे मेहुल के साथ मिलकर चोरी की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 4 किलो सोना व 2 कार बरामद कर ली थी। पुलिस ने मेहुल को काबू कर उसके कब्जे से 500 ग्राम सोना बरामद किया था। अब पुलिस ने तीसरे आरोपी कृष्णा नगर दिल्ली निवासी रवि बंसल को काबू कर लिया है। पुलिस ने मेहुल को 2 दिन व रवि को 4 दिन के रिमांड पर लिया है। 

Rakhi Yadav