हनीट्रैप में फंसाया पुलिस जवान, 2 लाख रुपए ठगे, अब 50 हजार लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

7/26/2020 7:23:34 PM

फतेहाबाद (रमेश): फतेहाबाद सिटी पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को हनीट्रैप के जाल में फंसा कर ब्लैकमेलिंग के जरिए 2 लाख रुपये ऐंठने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को पुलिस कर्मचारी से 50 हजार रुपये लेते रंगेहाथों पकड़ा है। गिरफ्तार महिला की पहचान टोहाना निवासी पिंकी के रूप में हुई है। 

सिटी थाना के एसएचओ यादविंदर सिंह के मुताबिक आरोपी महिला से कोर्ट में शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी की जान पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच में जान पहचान हुई। इसके बाद में दोनों के बीच करीब 1 साल से संबंध रहे। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से आरोपी महिला पुलिसकर्मी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने लगी और पैसों की मांग की। 

शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी ने आरोपी महिला को पैसे नहीं होने पर खाली चेक दिए और बाद में 50 हजार रुपए नगद देने का वादा किया। एसएचओ ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आज फतेहाबाद में एमएम एम कॉलेज के पास आरोपी महिला को शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी से 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। 

महिला से खाली चेक भी बरामद कर लिए हैं। एसएचओ ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और उसका रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। महिला के खिलाफ ब्लैकमेंलिंग कर रुपए ऐंठने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। इसे कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Edited By

vinod kumar