मालिक को बचाने के लिए जहरीले कोबरा से भिड़ी फीमेल डॉग, खुद 8 मिनट में तोड़ दिया दम... मुंह और पंजे पर खाए डंक

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 08:04 AM (IST)

डेस्क: हरियाणा के करनाल से वफादारी और बहादुरी की एक ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हैं। अपने मालिक और परिवार की जान बचाने के लिए एक पालतू फीमेल डॉग सीधे एक जहरीले काले कोबरा सांप से भिड़ गई। दोनों के बीच करीब 25 सेकेंड तक जिंदगी और मौत की खूनी जंग चली। इस लड़ाई का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, सांप को मारने के बाद जहर फैलने के कारण वफादार डॉग ने महज 8 मिनट में दम तोड़ दिया।

घर के आंगन में अचानक आ धमका काला कोबरा
यह दर्दनाक घटना करनाल के एक घर की है, जहां परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक एक विशालकाय और बेहद जहरीला कोबरा सांप घर के आंगन में घुस आया। परिवार के लोग सांप को देख पाते, इससे पहले ही घर की रखवाली कर रही जांबाज फीमेल डॉग की नजर उस पर पड़ गई। अपने मालिक और परिवार को खतरे में देख उसने बिना एक पल गंवाए सांप पर हमला कर दिया।

25 सेकेंड की खूनी जंग और दर्दनाक अंत
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों के बीच भयंकर लड़ाई हुई।डॉग ने फुर्ती दिखाते हुए कोबरा को अपने मुंह में दबाकर हवा में उछाल दिया और उसे पटक-पटक कर मार डाला।इस 25 सेकेंड की लड़ाई के दौरान कोबरा ने भी डॉग के मुंह और पंजे पर कई बार घातक डंक मारे। कोबरा के मरते ही डॉग के शरीर में तेजी से जहर फैल गया। मालिक जब तक कुछ समझ पाते और डॉक्टर का इंतजाम करते, महज 8 मिनट के भीतर ही इस वफादार बेजुबान ने तड़पकर दम तोड़ दिया।

मालिक का बयान
 "वह केवल एक कुत्ता नहीं, हमारे परिवार की सदस्य थी। उसने अपनी जान देकर हमारे पूरे परिवार को बचा लिया। अगर आज वह कोबरा से न भिड़ती, तो सांप घर के अंदर किसी को भी काट सकता था। उसकी यह कुर्बानी हम कभी नहीं भूल पाएंगे।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static