यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के खिलाफ सड़कों पर उतरीं छात्राएं, गलत नीयत से छूने, कमेंट करने और देर रात मैसेज भेजने का आरोप

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 09:41 AM (IST)

सोनीपत: सोनीपत  की एक प्रसिद्ध सरकारी यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है। छात्राओं ने प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, गलत नीयत से छूने, कपड़ों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और देर रात व्यक्तिगत मैसेज भेजने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। इस घटना के विरोध में यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्राओं ने 'जेन-जी' (Gen-Z) अंदाज में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी छात्राओं का आरोप है कि आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर काफी समय से छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। क्लास में और चैंबर के भीतर छात्राओं को गलत नीयत से छूने की कोशिश की जाती थी। इतना ही नहीं, उनके पहनावे (ड्रेसिंग सेंस) पर अश्लील तंज कसे जाते थे और मना करने के बावजूद देर रात छात्राओं को फोन पर मैसेज भेजे जाते थे।

जब काफी समय तक कोई सुनवाई नहीं हुई, तो छात्राओं ने एकजुट होकर यूनिवर्सिटी कैंपस में धरना शुरू कर दिया। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रोफेसर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि जब तक आरोपी प्रोफेसर को निलंबित कर उसके खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं कराई जाती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।

छात्राओं के अचानक उग्र प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को सौंपने का आश्वासन दिया है। पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

static