भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, 25 हजार रुपए नकदी के साथ दलाल महिला गिरफ्तार

9/11/2022 6:18:21 PM

करनाल: जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण की लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गर्भवती महिलाओं को लिंग जांच के लिए डॉक्टर के पास ले जाने वाली दलाल महिला और आरोपी डॉक्टर को भी टीम ने काबू किया है। करनाल की रहने वाली महिला को 25 हजार रुपए नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी डॉक्टर के पिता व दलाल महिला के बेटे के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। हालांकि मुनाफा खोर, डॉक्टर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

 

कुरुक्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक में चल रहा था अवैध खेल

 

जानकारी के अनुसार करनाल के वार्ड नंबर-9 की शिव कालोनी में रहने वाली दलाल महिला सुनीता उर्फ वेदवती भ्रूण की लिंग जांच करवाने का काम करती है। दलाल महिला कुरूक्षेत्र के हसनपुर में एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर गर्भवतियों की गर्भ की जांच करवाती है। जिसकी भनक करनाल सिविल सर्जन को लगी। शनिवार को सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा ने डिप्टी सीएमओ डॉ. शीनू चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और एक गर्भवती महिला (डिकाय) को सोशल वर्कर के माध्यम से दलाल सुनीता तक पहुंचाया। भ्रूण लिंग जांच करवाने के लिए दलाल ने 50 हजार रुपए में सौदा तय किया। सुनीता गर्भवती को हसनपुर में झोलाछाप डॉक्टर तिलक राज के पास लेकर गई, जहां पर डॉक्टर ने लिंग जांच की और गर्भ में लड़की बताई। डिकाय का टीम से संपर्क नहीं हुआ और दलाल महिला गर्भवती को अल्ट्रासाउंड के बाद वापस करनाल ले आई। 

 

पुलिस को चकमा देकर डॉक्टर फरार, परिजनों पर दर्ज हुआ मामला

 

रास्ते में दलाल ने सोशल वर्कर को कॉल किया और बताया कि वह गर्भवती को करनाल रेलवे स्टेशन पर उसे सौंप देगी। सोशल वर्कर ने टीम को जानकारी दी तो टीम ने दलाल महिला का पीछा किया और उसे करनाल रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया। जब सुनीता की तलाशी ली गई तो उसके पास से 25 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई। यह वही नकदी थी, जो टीम ने नंबर नोट करने के बाद डिकाय को दिए थे। इसके बाद टीम दलाल को लेकर वापिस हसनपुर पहुंची, लेकिन वहां पर क्लीनिक बंद था। तुरंत ही टीम डॉक्टर के घर गांव बलाई में पहुंच गई, जहां उन्हें डॉक्टर तिलक राज मिला, लेकिन तिलक राज के पिता ने टीम के साथ धक्का मुक्की कर डॉक्टर को मौके से भगा दिया। इसके बाद टीम ने कुरूक्षेत्र की पीएनडीटी को मौके पर तीन आरोपियों को फर्जी डॉक्टर तिलक राज, उनके पिता वेदप्रकाश, दलाल सुनीता व सुनीता के पुत्र दीपक के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए सुपुर्द कर दिया। मामले में अब तक तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि डॉक्टर फरार है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan