चाऊमीन का ऑर्डर लेट होने पर दुकानदार से झगड़ा, नौकर ने पेट में घोंपा चाकू, आंतों को पहुंचा नुकसान

1/22/2024 2:09:53 PM

रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले में चाऊमीन को लेकर दुकानदार ने युवक को चाकू घोंप दिया। इससे उसके पेट की आंत बाहर निकल आई। गंभीर रूप से घायल युवक को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। अभी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक जिले के गांव भगवानपुर निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि देर शाम वह अपने दोस्त गांव सुबासेड़ी निवासी मोनू, कर्ण उर्फ उपप्लू, साहिल के साथ घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में गांव नंगली परसापुर चौक पर हवा सिंह उर्फ लाला की दुकान पर चाऊमीन खाने रुक गए। कृष्ण ने बताया कि उन्होंने हवा सिंह को 100 रुपए की चाऊमीन का ऑर्डर दिया। ऑर्डर आने में काफी देर हो गई। जिसके बाद उन्होंने जल्दी से ऑर्डर लगाने की बात कही। इसी बात को लेकर उसकी और हवा सिंह की अनबन हुई। 

कृष्ण ने कहा कि हवा सिंह ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी। तभी उसका नौकर लाखनौर निवासी विनय चाकू लेकर पहुंच गया और उसके पेट में एक नहीं बल्कि कई बार चाकू घोंपा। हमला होता देख कृष्ण के बाकी दोस्त बाइक लेकर भाग गए। जबकि गंभीर रूप से घायल कृष्ण लहूलुहान हालत में पैदल ही 100 मीटर तक दौड़ा। उसकी नजर पेट पर गई तो आंतें बाहर निकली हुई थी। खून काफी बह चुका था। जिसकी वजह से वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कृष्ण को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। फिलहाल कृष्ण का एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


 

Content Writer

Manisha rana